दुर्गापुर :- दुर्गापुर के कांकसा स्थित मिनी बाजार के पास पानागढ़-मोरग्राम राज्य मार्ग पर शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान कांकसा के 3 नंबर कॉलोनी की निवासी 52 वर्षीय प्रतिमा दे सरकार के रूप में हुई है। वह पेशे से एक घरेलू सहायिका थीं और हर रोज की तरह शनिवार सुबह काम पर जाने के लिए घर से निकली थीं।
घटना के समय वह पैदल ही राज्य मार्ग से गुजर रही थीं, तभी बीरभूम की ओर से आ रहे मुर्गियों के दाने से लदे एक ट्रैक्टर ने पीछे से हॉर्न बजाया। बताया जा रहा है कि हॉर्न की आवाज सुनकर महिला घबरा गईं और अचानक सड़क के बीचों-बीच आ गईं। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे एक अनियंत्रित डंपर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। डंपर की टक्कर के साथ ही ट्रैक्टर भी अपना संतुलन खो बैठा और महिला के ऊपर ही पलट गया।
स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और महिला को बचाकर अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद ट्रैक्टर का चालक मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही कांकसा थाने की पुलिस वहां पहुंची और स्थिति को संभाला। इस दुर्घटना के कारण पानागढ़-मोरग्राम राज्य मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा, जिसे पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर को हटाकर फिर से सामान्य कराया।



0 Comments