दूसरे चरण के मतदान से पहले ED की बड़ी कार्रवाई, कोलकाता और पूर्व बर्दवान समेत 9 ठिकानों पर छापेमारी

कोलकाता :- पश्चिम बंगाल के पूर्व बर्धमान और कोलकाता में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने राशन वितरण घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में बड़ी कार्रवाई की है। केंद्रीय जांच एजेंसी की टीम कोलकाता, पूर्व बर्दवान और उत्तर 24 परगना के हबरा समेत कुल नौ ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। यह कार्रवाई प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA), 2002 के तहत उन सप्लायरों और निर्यातकों के खिलाफ की जा रही है, जिनके तार निरंजन चंद्र साहा और अन्य आरोपियों से जुड़े बताए जा रहे हैं। राज्य में दूसरे चरण के मतदान से ठीक पहले हुई इस कार्रवाई ने राजनीतिक गलियारे में हलचल तेज कर दी है। 


हबरा में ईडी के अधिकारियों ने केंद्रीय बलों की सुरक्षा के बीच कई व्यापारियों के घरों और प्रतिष्ठानों पर धावा बोला। विशेष रूप से हबरा के जयगाछी नेताजी रोड स्थित व्यवसायी समीर चंद के आवास पर जांच जारी है, जिनका नाम राशन भ्रष्टाचार की जांच के दौरान सामने आया था। समीर चंद के अलावा एक अन्य व्यवसायी सागर साहा के ठिकानों पर भी ईडी की टीमें तलाशी ले रही हैं। ईडी के सूत्रों के अनुसार, इन व्यापारियों का चावल के बड़े कारोबार से संबंध है और राशन वितरण में हुई कथित धांधली में इनकी भूमिका की गहनता से जांच की जा रही है।

Post a Comment

0 Comments