ED की बड़ी कार्रवाई, व्यवसायी जय कामदार हिरासत में, DCP के घर भी छापेमारी

कोलकाता :- पश्चिम बंगाल की राजधानी में रविवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने वित्तीय हेराफेरी के मामलों में अपनी सक्रियता बढ़ाते हुए शहर के कई ठिकानों पर छापेमारी की। साल्टलेक स्थित सीजीओ कॉम्प्लेक्स से निकली ED की एक टीम ने सुबह बेहाला स्थित व्यवसायी जय कामदार के आवास पर दबिश दी। बताया जा रहा है कि शुरुआत में काफी देर तक दरवाजा नहीं खोला गया, जिसके बाद केंद्रीय बल की मौजूदगी में अधिकारी घर के भीतर प्रवेश कर पाए। कई घंटों की तलाशी के बाद जय कामदार को हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए ले जाया गया है। स्थानीय लोगों के अनुसार जय प्रमोटिंग व्यवसाय से जुड़े हैं और पहले भी उनके घर से नकदी बरामद हो चुकी है। हाल ही में कसबा के व्यवसायी 'सोनू पप्पू' के घर हुई छापेमारी के बाद जय का नाम सामने आया था, जिसे दो बार समन दिए जाने के बावजूद वे हाजिर नहीं हुए थे।



इसी जांच की कड़ी में ED ने कोलकाता पुलिस के उपायुक्त (DC) शांतनु सिंह विश्वास के बालीगंज स्थित आवास पर भी अचानक छापा मारा। शांतनु सिंह विश्वास, जो पहले कालीघाट थाने के प्रभारी रह चुके हैं, के आवास पर सुबह से ही तलाशी जारी है। सूत्रों के अनुसार, बालीगंज में हुई गड़बड़ी और सोनू पप्पू से जुड़े मामले में ही यह कार्रवाई की जा रही है। गौरतलब है कि मुख्य आरोपी सोनू पप्पू अब तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर है, जबकि उसे सोशल मीडिया पर सक्रिय देखा गया है। इससे पहले इस मामले में एक IPS अधिकारी से भी पूछताछ की जा चुकी है, लेकिन अब सीधे DC स्तर के अधिकारी के घर ED की छापेमारी ने प्रशासनिक और राजनीतिक गलियारों में खलबली मचा दी है। इन कार्रवाइयों से शहर में सुरक्षा और वित्तीय अनियमितताओं को लेकर गहमागहमी का माहौल बना हुआ है।


Post a Comment

0 Comments