दुर्गापुर :- पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान संपन्न होने के बाद अब लोकतंत्र का भविष्य ईवीएम (EVM) में बंद होकर स्ट्रांग रूम पहुंच चुका है। दुर्गापुर पूर्व, दुर्गापुर पश्चिम और पांडबेश्वर विधानसभा क्षेत्रों के सभी बूथों से मशीनों को पूरी सुरक्षा के साथ दुर्गापुर सरकारी महाविद्यालय स्थित स्ट्रांग रूम में लाकर रखा गया है। इस परिसर को अभेद्य किले में तब्दील कर दिया गया है, जहां केंद्रीय सुरक्षा बलों के जवान 24 घंटे मुस्तैद हैं। इसके साथ ही राज्य पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी सुरक्षा व्यवस्था की निरंतर निगरानी कर रहे हैं ताकि किसी भी प्रकार की अनहोनी या सुरक्षा में चूक की गुंजाइश न रहे। शुक्रवार को स्ट्रांग रूम परिसर में चुनाव आयोग के अधिकारियों और विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के बीच एक महत्वपूर्ण 'स्क्रूटनी' बैठक संपन्न हुई। 4 मई को मतगणना के दिन तक सुरक्षा का यह कड़ा पहरा इसी तरह जारी रहेगा ताकि जनादेश पूरी तरह सुरक्षित रहे।


0 Comments