कोलकाता :- पश्चिम बंगाल में चुनाव रणनीतिकार संस्था आईपैक (I-PAC) द्वारा कामकाज बंद किए जाने की खबरों के बीच तृणमूल कांग्रेस ने आधिकारिक बयान जारी कर इसे पूरी तरह 'निराधार' बताया है। पार्टी ने स्पष्ट किया है कि आईपैक अभी भी तृणमूल के साथ मिलकर काम कर रही है और राज्य भर में पूर्व निर्धारित योजना के अनुसार चुनाव प्रचार सुचारू रूप से जारी है। टीएमसी का दावा है कि विपक्षी दलों द्वारा भ्रम फैलाने और मुख्य मुद्दों से ध्यान भटकाने के उद्देश्य से इस तरह की भ्रामक खबरें फैलाई जा रही हैं। पार्टी ने कड़े शब्दों में कहा कि बंगाल की जनता डराने-धमकाने और दुष्प्रचार की राजनीति का लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देगी, जिसका परिणाम आगामी 4 मई को चुनावी नतीजों में स्पष्ट दिखाई देगा।
दूसरी ओर, मीडिया रिपोर्ट्स में एक ईमेल का हवाला दिया जा रहा है, जो कथित तौर पर आईपैक प्रबंधन द्वारा शनिवार मध्यरात्रि को कर्मचारियों को भेजा गया था। इस ईमेल में कानूनी बाधाओं के कारण 20 दिनों की छुट्टी पर जाने का निर्देश दिया गया है। सूत्रों के अनुसार, आईपैक के शीर्ष अधिकारी रविवार दोपहर से वर्चुअल माध्यम से विभिन्न विभागों के साथ बैठकें कर रहे हैं ताकि बदली हुई परिस्थितियों में आगे की रणनीति तय की जा सके। हालांकि, तृणमूल कांग्रेस ने इन दावों को पूरी तरह खारिज करते हुए कार्यकर्ताओं से एकजुट रहने की अपील की है। फिलहाल, आईपैक की ओर से इस मामले पर कोई औपचारिक स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है, जिससे राज्य के राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का बाजार गर्म है।


0 Comments