Jamuria के सुपर स्मेल्टर कारखाने में श्रमिक की मौत के बाद भड़का आक्रोश, मुआवजे की मांग पर भारी हंगामा

जामुड़िया :- जामुड़िया विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत इकड़ा औद्योगिक क्षेत्र में स्थित सुपर स्मेल्टर कारखाने में शुक्रवार को  हादसा हो गया। इस दुर्घटना में एक श्रमिक की दर्दनाक मौत हो गई, जिसकी पहचान पांडवेश्वर थाना क्षेत्र के भूरी गांव निवासी सोइबुल काजी के रूप में हुई है। श्रमिक की मौत की खबर फैलते ही कारखाने के बाहर तनाव व्याप्त हो गया और उत्तेजित परिजनों के साथ अन्य श्रमिकों ने प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए मुख्य द्वार पर जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया।

आंदोलनकारी श्रमिकों और परिजनों ने कारखाना प्रबंधन पर सुरक्षा मानकों की घोर अनदेखी का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि कार्यस्थल पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम न होने और अमानवीय परिस्थितियों में काम कराने की वजह से यह जानलेवा हादसा हुआ। प्रदर्शनकारियों ने एक और गंभीर दावा करते हुए कहा कि इस दुर्घटना में केवल सोइबुल की जान नहीं गई, बल्कि 5 से 6 अन्य श्रमिक भी घायल हुए हैं, जिन्हें कारखाना प्रबंधन छिपाने और पूरे मामले को रफा-दफा करने का प्रयास कर रहा है।

स्थिति को अनियंत्रित होता देख और हंगामे को शांत करने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिस अधिकारी आक्रोशित भीड़ को समझा-बुझाकर स्थिति को काबू में करने की कोशिश कर रहे हैं। दूसरी ओर, कारखाना प्रबंधन के अधिकारियों ने सफाई देते हुए कहा कि हालांकि दुर्घटना के तुरंत बाद परिजनों को सूचना देने में कुछ देरी हुई, लेकिन घायल श्रमिक के इलाज में कोई कमी नहीं छोड़ी गई थी। फिलहाल, मृतक के परिजन उचित मुआवजे और दोषियों पर कार्रवाई की मांग पर अड़े हुए हैं, जबकि पूरे इलाके में सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है।

Post a Comment

0 Comments