विधानसभा चुनाव से पहले Kolkata में ED और IT की ताबड़तोड़ छापेमारी

कोलकाता :- विधानसभा चुनाव की दहलीज पर खड़े पश्चिम बंगाल में केंद्रीय जांच एजेंसियों की सक्रियता अचानक बढ़ गई है। शुक्रवार सुबह से ही कोलकाता में प्रवर्तन निदेशालय (ED) और आयकर विभाग (IT) ने मोर्चा संभालते हुए अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है। एक तरफ जहाँ ED की टीम महानगर की एक बड़ी रियल एस्टेट कंपनी के सॉल्टलेक समेत कई ठिकानों पर तलाशी ले रही है, वहीं दूसरी ओर IT विभाग ने तृणमूल कांग्रेस के दिग्गज नेताओं और उनके चुनावी कार्यालयों पर शिकंजा कसा है। आयकर विभाग की टीम शुक्रवार सुबह रासबिहारी केंद्र से तृणमूल कांग्रेस के प्रत्याशी देवाशीष कुमार के मनोहरपुर रोड स्थित आवास पर पहुंची। 


अधिकारियों ने न केवल उनके घर, बल्कि उनके चुनावी कार्यालय और मोतीलाल नेहरू रोड स्थित एक अन्य दफ्तर पर भी छापेमारी की है। स्थानीय तृणमूल नेताओं के अनुसार, जिस कार्यालय में IT की टीम पहुंची है, वहां से फिलहाल बालीगंज के प्रत्याशी शोभनदेब चट्टोपाध्याय अपना चुनावी कामकाज देख रहे थे। चुनाव के ठीक पहले एक साथ ED और IT की इस 'डबल स्ट्राइक' ने राज्य की सियासत में हलचल तेज कर दी है। सत्ताधारी दल तृणमूल कांग्रेस इन कार्रवाइयों के समय पर सवाल उठाते हुए इसे राजनीतिक बदले की भावना से प्रेरित बता रही है।

Post a Comment

0 Comments