कुल्टी :- पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के मद्देनजर कुल्टी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी डॉ. अजय पोद्दार के समर्थन में एक विशाल और ऐतिहासिक बाइक जुलूस निकाला गया। सोदपुर एरिया ऑफिस मैदान से शुरू होकर डिसेरगढ़ पोस्ट ऑफिस तक जाने वाले इस रोड शो में मुख्य आकर्षण का केंद्र भाजपा की केंद्रीय समिति के सदस्य और प्रख्यात अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती रहे। एक खुली गाड़ी में सवार होकर उन्होंने प्रत्याशी के साथ पूरे रास्ते जनता का अभिवादन किया। 'महानायक' की एक झलक पाने के लिए सड़कों के दोनों ओर हजारों लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जिससे पूरा इलाका जय श्रीराम के नारों से गूंज उठा।
प्रचार अभियान के दौरान मीडिया से मुखातिब होते हुए मिथुन चक्रवर्ती ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के आरोपों पर कड़ा प्रहार किया। गौरतलब है कि ममता बनर्जी ने आरोप लगाया था कि राज्य में भेजे गए केंद्रीय सुरक्षा बल भाजपा के पक्ष में मतदान प्रभावित करने के लिए पैसे और मादक पदार्थ पहुंचा रहे हैं। इस पर पलटवार करते हुए मिथुन चक्रवर्ती ने कहा कि ममता बनर्जी को अब अपनी निश्चित हार का आभास होने लगा है, इसी डर और हताशा के कारण वे इस तरह के बेबुनियाद बयान दे रही हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनता का मूड बदल चुका है और टीएमसी की विदाई तय है।
वहीं, चुनाव के समय केंद्रीय जांच एजेंसियों (ED/CBI) की बढ़ती सक्रियता और विपक्ष के सवालों पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने दो टूक कहा कि ये एजेंसियां अपना काम कर रही हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि केंद्रीय एजेंसियां पूरी तरह स्वतंत्र हैं और उन्हें कब, कहां और किसके खिलाफ क्या कार्रवाई करनी है, इसका फैसला वे स्वयं साक्ष्यों के आधार पर लेती हैं। कुल्टी में हुए इस शक्ति प्रदर्शन ने न केवल भाजपा कार्यकर्ताओं में नया जोश भर दिया है, बल्कि विपक्षी दलों के लिए भी बड़ी चुनौती पेश कर दी है। चुनाव से ठीक पहले मिथुन चक्रवर्ती की इस सक्रियता को भाजपा के लिए एक बड़े 'बूस्टर डोज' के रूप में देखा जा रहा है।



0 Comments