PM Narendra Modi रविवार को करेंगे ताबड़तोड़ 4 रैलियां, आज रात दुर्गापुर में प्रवास

दुर्गापुर :- पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के प्रथम चरण के मतदान से ठीक पांच दिन पहले भारतीय जनता पार्टी ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। इसी क्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक बार फिर बंगाल के चुनावी रण में उतर रहे हैं। कल, यानी रविवार को प्रधानमंत्री राढ़बंग और जंगलमहल के जिलों में चार बड़ी जनसभाओं को संबोधित करेंगे। उनका मुख्य लक्ष्य इस क्षेत्र के आदिवासी वोट बैंक को साधना है।

तय कार्यक्रम के अनुसार, प्रधानमंत्री शनिवार रात को ही अंडाल हवाई अड्डे पर उतरेंगे और रात्रि विश्राम दुर्गापुर में करेंगे। रविवार सुबह वह बांकुड़ा के लिए रवाना होंगे, जहां सुबह 11:00 बजे बड़जोड़ा में उनकी पहली जनसभा होगी। इसके बाद दोपहर 12:45 बजे वे पुरुलिया के बलरामपुर में जनता को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री की तीसरी सभा दोपहर 2:45 बजे झारग्राम शहर के निकटवर्ती इलाके में निर्धारित है, जबकि दिन की चौथी और अंतिम रैली वे मेदिनीपुर में करेंगे।

आमतौर पर प्रधानमंत्री एक दिन में इतनी अधिक रैलियां नहीं करते, लेकिन बंगाल चुनाव की अहमियत को देखते हुए इस बार वे अपनी रणनीति बदल रहे हैं। जंगलमहल का यह इलाका भाजपा के लिए रणनीतिक रूप से अत्यंत महत्वपूर्ण है। भाजपा नेतृत्व का मानना है कि प्रधानमंत्री की इन रैलियों से आदिवासी बहुल सीटों पर पार्टी की स्थिति और मजबूत होगी।

यही नहीं, चुनावी सरगर्मी को और बढ़ाते हुए प्रधानमंत्री 23 अप्रैल को हावड़ा के बेलूड़ मठ जा सकते हैं, जिसके बाद उनका साल्किया तक एक भव्य रोड शो करने का भी कार्यक्रम है। उसी दिन वे नदिया के कृष्णनगर में भी एक चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के "294 सीटों पर मोदी ही उम्मीदवार" वाले तंज का जवाब देते हुए प्रधानमंत्री 'सोनार बांग्ला' के संकल्प के साथ लगातार राज्य का दौरा कर रहे हैं। प्रथम चरण के चुनाव से पहले मोदी की यह सक्रियता बंगाल की राजनीति में निर्णायक मोड़ ला सकती है।


Post a Comment

0 Comments