झाड़ग्राम :- पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए जारी घमासान के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जनसंपर्क का एक बेहद आत्मीय अंदाज देखने को मिला। रविवार को झाड़ग्राम में चुनाव प्रचार के दौरान पीएम नरेंद्र मोदी का काफिला अचानक सड़क किनारे एक 'झालमुड़ी' की दुकान पर रुक गया। प्रधानमंत्री को अपने बीच पाकर वहां भारी भीड़ जमा हो गई और पूरा इलाका 'जय श्री राम' के नारों से गूंज उठा। पीएम मोदी अपनी गाड़ी से उतरे और सीधे दुकान पर जा पहुंचे। उन्होंने न केवल अपने लिए झालमुड़ी बनवाई, बल्कि वहां मौजूद छोटे बच्चों को भी अपने हाथों से खिलाया और खुद भी इस बंगाली व्यंजन का स्वाद लिया। राजनीतिक विशेषज्ञों का मानना है कि प्रधानमंत्री का यह अंदाज केवल एक स्वैच्छिक विश्राम नहीं, बल्कि एक गहरा जनसंपर्क संदेश है। बंगाल के प्रसिद्ध व्यंजन झालमुड़ी के जरिए उन्होंने स्थानीय संस्कृति से जुड़ाव दिखाया। विधानसभा चुनाव के मद्देनजर इस 'ज़मीनी' अंदाज को बंगाल के मतदाताओं को रिझाने के एक प्रभावशाली तरीके के रूप में देखा जा रहा है। सोशल मीडिया पर इस घटना का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें पीएम नरेंद्र मोदी का यह सहज व्यवहार चर्चा का केंद्र बना हुआ है।


0 Comments