रानीगंज :- सीबीएसई उत्कृष्ट केंद्र भुवनेश्वर के तत्वावधान में पश्चिम बंगाल क्षेत्राधिकार के अंतर्गत रानीगंज लायंस डीएवी पब्लिक स्कूल में 25 और 26 अप्रैल 2026 को दो दिवसीय क्षमता संवर्धन प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। 'समावेशी शिक्षा' (इनक्लूसिव एजुकेशन) विषय पर आधारित इस कार्यशाला में वेस्ट प्वाइंट स्कूल के वाइस प्रिंसिपल सुमन कुमार बनर्जी और दुर्गापुर सेंट जेवियर्स की शिक्षिका दीपानवीता साव ने मुख्य संसाधक के रूप में अपनी सेवाएं दीं। कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए मेज़बान लायंस डीएवी पब्लिक स्कूल की प्राचार्या मंदिरा दे ने शिक्षकों को समावेशी शिक्षा के महत्व और इसके उद्देश्यों से अवगत कराया।
प्रशिक्षण के दौरान संसाधकों ने विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से शिक्षकों को विशेष आवश्यकता वाले बच्चों की पहचान करने और उन्हें सामान्य कक्षा में प्रभावी ढंग से पढ़ाने के गुर सिखाए। इस कार्यशाला में समान अवसर, आपसी सहयोग और सहानुभूति जैसे मानवीय मूल्यों पर विशेष जोर दिया गया। शिक्षकों ने सीखा कि किस प्रकार कक्षा में सकारात्मक वातावरण बनाकर सभी बच्चों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित किया जा सकता है। विभिन्न स्कूलों के शिक्षकों की सक्रिय भागीदारी और अनुभवों के साझाकरण ने इस सत्र को अत्यंत प्रेरणादायक बनाया। दो दिवसीय इस आयोजन का समापन प्राचार्या द्वारा शिक्षकों की सराहना और शांति पाठ के साथ हुआ। यह प्रशिक्षण शिक्षकों की जागरूकता बढ़ाने और शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।





0 Comments