पांडवेश्वर :- विधानसभा चुनाव को लेकर पांडवेश्वर विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मी अपने चरम पर पहुंच गई है। तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती के समर्थन में भुइयां समाज ने एक विशाल और हाई-वोल्टेज रैली निकालकर अपनी ताकत का अहसास कराया। डीवीवी मोड़ से शुरू होकर पांडवेश्वर रेलवे स्टेशन तक जाने वाले इस जुलूस में हजारों की संख्या में लोग शामिल हुए, जिससे पूरे क्षेत्र में तृणमूल कांग्रेस के पक्ष में एक जबरदस्त लहर देखी गई। ढोल-नगाड़ों और पार्टी के झंडों से सजे इस जुलूस ने बाजार और स्थानीय बस्तियों से गुजरते हुए मुख्य सड़कों को पूरी तरह से पाट दिया। भुइयां समाज की इस भारी भीड़ और लोगों की स्वतःस्फूर्त भागीदारी ने चुनावी माहौल को पूरी तरह से तृणमूल के पक्ष में मोड़ दिया है।
स्थानीय समीकरणों के लिहाज से भुइयां समाज इस क्षेत्र में निर्णायक भूमिका निभाता है और उनकी यह एकजुटता नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती की जीत की संभावनाओं को मजबूती प्रदान करती नजर आ रही है। रैली में शामिल होकर नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती ने भुइयां समाज का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस समाज के अभूतपूर्व समर्थन ने उनका उत्साह कई गुना बढ़ा दिया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि तृणमूल सरकार ने हमेशा भुइयां समाज के उत्थान के लिए कार्य किया है और भविष्य में भी वे उनके विकास के लिए प्रतिबद्ध रहेंगे। रैली में मौजूद लोगों ने भी चक्रवर्ती के प्रति अटूट विश्वास जताते हुए उन्हें अपना सच्चा प्रतिनिधि बताया। पांडवेश्वर की सड़कों पर उमड़ा यह जनसैलाब न केवल तृणमूल का शक्ति प्रदर्शन है, बल्कि विरोधियों के लिए एक कड़ा संदेश भी है कि इस बार चुनावी बाजी किसके पक्ष में झुकती दिख रही है।




0 Comments