रानीगंज के सीबीएसई स्कूलों के 12वीं के परीक्षा परिणाम रहे शानदार

रानीगंज :- केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) द्वारा कक्षा 12वीं के परीक्षा परिणाम घोषित कर दिए गए हैं, जिसमें रानीगंज के प्रमुख शिक्षण संस्थानों ने अपनी सफलता का लोहा मनवाया है। इस वर्ष रानीगंज लायंस डीएवी पब्लिक स्कूल और ज्ञान भारती स्कूल का प्रदर्शन विशेष रूप से सराहनीय रहा।

रानीगंज लायंस डीएवी पब्लिक स्कूल में इस वर्ष कुल 188 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा दी थी। स्कूल के समग्र परिणामों में वाणिज्य संकाय के राज झुनझुनवाला ने 97.4% अंकों के साथ स्कूल टॉपर बनने का गौरव प्राप्त किया। उनके ठीक बाद वाणिज्य संकाय की ही अनुष्का दे और सूचना चटर्जी ने 97.2% अंकों के साथ संयुक्त रूप से दूसरा स्थान हासिल किया, जबकि कला संकाय की श्रेया मुखर्जी 97% अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहीं। संकाय वार प्रदर्शन की बात करें तो विज्ञान संकाय में ईशानी कर्मकार ने 92.8% अंकों के साथ बाजी मारी, वहीं इशान गोराई और शिवांश गुप्ता ने 89% अंकों के साथ दूसरा और अयन मंडल ने 88.2% अंकों के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया। वाणिज्य में राज, अनुष्का और सूचना के बाद यश मंगोटिया 95.8% अंक पाकर तीसरे स्थान पर रहे। कला संकाय में श्रेया मुखर्जी के शीर्ष पर रहने के अलावा गोल्डी पांडे ने 95.8% और प्रियांशी सिंह ने 91.4% अंक प्राप्त कर क्रमशः दूसरा और तीसरा स्थान सुरक्षित किया। स्कूल की प्राचार्या मंदिरा दे ने इस शानदार सफलता का श्रेय विद्यार्थियों के कठिन परिश्रम, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग को देते हुए सभी को बधाई दी।

इसी क्रम में रानीगंज के ज्ञान भारती स्कूल का परिणाम भी संतोषजनक रहा। इस वर्ष विद्यालय से कुल 229 परीक्षार्थी शामिल हुए थे, जिनमें से 202 विद्यार्थियों ने सफलता पूर्वक परीक्षा उत्तीर्ण की है। स्कूल में कॉमर्स की छात्रा इशिका शर्मा ने 480 अंकों के साथ प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। उनके साथ ही दिव्या कुमारी वर्णवाल ने 470 अंक प्राप्त कर दूसरा और राजनंदिनी यादव ने 474 अंकों के साथ तीसरा स्थान हासिल किया।

Post a Comment

0 Comments