दुर्गापुर में दिशम आदिवासी गांवटा के चल रहे धरने के 55 वें दिन पहुंची मंत्री खुदीराम टुडू

दुर्गापुर:   दुर्गापुर सिटी सेंटर में भगत सिंह स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के पास दिशम आदिवासी गांवटा विभिन्न मांगों को लेकर धरना के 55 वें दिन धरना मंच पर पहुंचे मंत्री खुदीराम टुडू। राज्य के पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री खुदीराम टुडू शनिवार को इस धरना में शामिल हुए। शिक्षा, जमीन के अधिकार, पुनर्वास और रोजगार की मांगों को लेकर चल रहे धरने पर बैठे प्रदर्शनकारियों से बात की और समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि आदिवासी बहुल इलाकों में लंबे समय से शिक्षा, जमीन के अधिकार, पुनर्वास और रोजगार जैसे जरूरी मुद्दों को नजरअंदाज किया जा रहा है।
 इसलिए चुनाव से पहले छह सूत्री मांगों को ध्यान में रखते हुए यह लगातार धरना शुरू किया गया है। उनकी मुख्य मांगों में कांकसा के आदिवासी इलाके में इंग्लिश मीडियम स्कूल खोलना, आदिवासियों को जमीन का मालिकाना हक देना, धंसान प्रभावित इलाकों के परिवारों का पुनर्वास, आईक्यू सिटी में जमीन गंवाने वाले परिवार के सदस्य को नौकरी  और SIR लिस्ट से बाहर किए गए नामों को पुनः शामिल करना शामिल है। इसके साथ ही आदिवासी समुदाय के समुचे विकास की मांग भी उठाई गई। धरना मंच से मंत्री खुदीराम टुडू ने कहा कि पिछली सरकार ने आदिवासियों को जमीन का मालिकाना हक देने का वादा किया था, लेकिन उसे पूरा नहीं किया गया। 


उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार आने के बाद बतौर मंत्री के तौर पर समस्याओं के समाधान का प्रयास करेंगे। उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि इलाके के विधायक चंद्रशेखर बनर्जी और लक्ष्मण घरुई और एडमिनिस्ट्रेटिव अधिकारियों से बात करके समस्याओं को हल करने की कोशिश की जाएगी। मंत्री ने कांकसा में पंडित रघुनाथ मुर्मू रेजिडेंशियल स्कूल की अलग-अलग समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया।

Post a Comment

0 Comments