रानीगंज :- मुरलीधर गिन्नी देवी बाजोरिया चैरिटेबल ट्रस्ट और श्री हनुमान चालीसा संघ के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। बाजोरिया वृद्ध सेवा सदन के श्री राम-सीता मंदिर में आयोजित इस समारोह में कुल 8 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे। इस मांगलिक अवसर पर जामुड़िया विधानसभा क्षेत्र के नवनिर्वाचित भाजपा विधायक डॉ. बिजन मुखर्जी विशेष रूप से उपस्थित रहे, जिन्होंने नवविवाहित जोड़ों को सुखी दांपत्य जीवन का आशीर्वाद दिया।
समारोह के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार के बीच जोड़ों ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाई और विवाह की रस्में पूरी कीं। संस्था की ओर से नवदंपतियों को गृहस्थी शुरू करने के लिए आवश्यक सामग्री जैसे खाट, बिस्तर, अलमारी, साइकिल और टेबल फैन उपहार स्वरूप प्रदान किए गए। इस अवसर पर वर वधु पक्ष के लोगों के लिए भोज का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में सचिव राजीव बाजोरिया सहित संस्था के अन्य सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
इस पुनीत कार्य पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विधायक डॉ. बिजन मुखर्जी ने कहा कि गरीब परिवारों की मदद के लिए संस्था द्वारा किया जा रहा यह प्रयास अत्यंत सराहनीय है। सामूहिक विवाह न केवल सामाजिक समरसता को बढ़ावा देते हैं, बल्कि फिजूलखर्ची को रोककर जरूरतमंद परिवारों को संबल प्रदान करते हैं। मैं सभी नवविवाहित जोड़ों के मंगलमय भविष्य की कामना करता हूँ।
संस्था के चेयरमैन ओम प्रकाश बाजोरिया ने आयोजन की सफलता और इसके इतिहास पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हमारी संस्था पिछले 20 वर्षों से निरंतर इस सेवा कार्य में जुटी हुई है। अब तक यहाँ कुल 566 जोड़ों का सामूहिक विवाह संपन्न कराया जा चुका है। हमारा उद्देश्य उन गरीब परिवारों की सहायता करना है जो आर्थिक तंगी के कारण विवाह का खर्च वहन करने में असमर्थ होते हैं। यहाँ परिवार पूरी खुशी और सम्मान के साथ अपने बच्चों का विवाह करते हैं।

0 Comments