आसनसोल :- एक तरफ जहाँ केंद्र सरकार डिजिटल इंडिया को बढ़ावा देने के लिए ऑनलाइन पेमेंट पर जोर दे रही है, वहीं दूसरी तरफ जालसाज अब तकनीक का सहारा लेकर भोले-भाले दुकानदारों को अपना शिकार बना रहे हैं। आसनसोल के नुनी और पंचगछिया इलाके में ऑनलाइन पेमेंट में धोखाधड़ी का एक गंभीर मामला सामने आया है। यहाँ एक शातिर युवक ने कई दुकानदारों से सामान खरीदा और फर्जी यूपीआई ऐप के जरिए भुगतान करने का नाटक कर उन्हें हजारों की चपत लगा दी। आरोपी युवक की पहचान रेल पार इलाके के निवासी के रूप में हुई है, जो विभिन्न दुकानों में जाकर खरीदारी करता था और भुगतान के समय अपने मोबाइल पर फर्जी ट्रांजैक्शन की स्क्रीन दिखाकर दुकानदारों को आश्वस्त कर देता था कि पैसा उनके खाते में भेज दिया गया है।
धोखाधड़ी का खुलासा तब हुआ जब दुकानदारों ने बाद में अपना बैंक बैलेंस चेक किया और पाया कि उनके खाते में कोई राशि जमा नहीं हुई है। ठगी का शिकार हुए नुनी इलाके के एक दुकानदार ने साहस दिखाते हुए युवक का पीछा किया और उसे एचएलजी अस्पताल के सामने धर दबोचा। जब दुकानदार ने उससे पेमेंट न मिलने के बारे में कड़ाई से पूछताछ की, तो वह बहाने बनाने लगा। इसी बीच शोर सुनकर अन्य पीड़ित दुकानदार भी मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया। स्थानीय दुकानदारों ने इस घटना पर गहरा रोष व्यक्त करते हुए आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है ताकि भविष्य में इस तरह की वारदातों पर अंकुश लगाया जा सके।



0 Comments