BJP सरकार का बड़ा फैसला, 1 जून से महिलाओं को 'अन्नपूर्णा भंडार' के तहत मिलेंगे 3000 रुपये

कोलकाता :- पश्चिम बंगाल की सत्ता संभालने के बाद नवनिर्वाचित भाजपा सरकार ने अपने चुनावी वादों को अमलीजामा पहनाना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में राज्य सरकार ने महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए 'अन्नपूर्णा भंडार' परियोजना को लागू करने का निर्णय लिया है। इस योजना के तहत आगामी 1 जून से राज्य की पात्र महिलाओं के बैंक खातों में 3000 रुपये की सहायता राशि पहुंचनी शुरू हो जाएगी। उल्लेखनीय है कि भाजपा ने विधानसभा चुनाव के प्रचार के दौरान अपने 'संकल्प पत्र' में यह वादा किया था कि सत्ता में आने पर महिलाओं को दी जाने वाली वित्तीय सहायता में भारी बढ़ोतरी की जाएगी। यह नई योजना पूर्ववर्ती तृणमूल कांग्रेस सरकार द्वारा संचालित 'लक्ष्मी भंडार' परियोजना का स्थान लेगी। पिछली सरकार के कार्यकाल में सामान्य वर्ग की महिलाओं को प्रति माह 1500 रुपये और अनुसूचित जाति एवं जनजाति (SC/ST) वर्ग की महिलाओं को 1700 रुपये की राशि दी जाती थी। भाजपा ने चुनाव से पहले इस राशि को दोगुना करने का आश्वासन दिया था, जिसे अब पूर्ण किया जा रहा है। अब सभी पात्र महिलाओं के लिए 3000 रुपये की राशि निर्धारित की गई है। सरकार के इस कदम को राज्य की मातृशक्ति के प्रति एक बड़े उपहार के रूप में देखा जा रहा है, जिससे करोड़ों महिलाओं को सीधा आर्थिक लाभ मिलेगा।

Post a Comment

0 Comments