दूर्गापुर :- दूर्गापुर महकमा मॉडल कोर्ट में पर्याप्त बुनियादी ढांचे के अभाव और कथित भ्रष्टाचार के विरोध में वकीलों ने सोमवार से दो दिवसीय कार्य बहिष्कार शुरू कर दिया है। दूर्गापुर बार एसोसिएशन के आह्वान पर शुरू हुई यह हड़ताल मंगलवार तक जारी रहेगी। प्रदर्शनकारी वकीलों का आरोप है कि अदालत परिसर में उनके बैठने की उचित व्यवस्था नहीं है और न्यूनतम सुविधाओं की भारी कमी है, जिसके कारण आम जनता को कानूनी सेवाएं प्रदान करने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
इस आंदोलन का समर्थन करते हुए भाजपा विधायक चंद्रशेखर बनर्जी ने आसनसोल दूर्गापुर विकास प्राधिकरण (ADDA) पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि 22 करोड़ रुपये की यह परियोजना 38 करोड़ रुपये तक कैसे पहुंच गई और इस अतिरिक्त राशि की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने फर्नीचर, एसी और अन्य उपकरणों की खरीद में भी अनियमितता का दावा किया है। साथ ही, उन्होंने मांग की कि यदि पूर्व कानून मंत्री मलय घटक और ADDA के पूर्व चेयरमैन कवि दत्त इस भ्रष्टाचार में शामिल हैं, तो उनके खिलाफ भी जांच होनी चाहिए। उन्होंने आश्वासन दिया कि वकीलों की जायज मांगों को राज्य सरकार के समक्ष रखा जाएगा। उन्होंने बार एसोसिएशन के सदस्यों को सलाह दी कि वह राजनीतिक बैनर के बजाय राष्ट्रीय ध्वज लेकर आंदोलन करें। इस आंदोलन में वे उनके साथ है। बार एसोसिएशन के तरफ से उन्हें जो शिकायत पत्र सौपा गया है उसे मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी तक पहुंचाएंगे।
वहीं, दूर्गापुर सब-डिवीजनल बार एसोसिएशन के महासचिव कल्लोल घोष ने स्पष्ट किया कि वकीलों के पास बैठने के लिए सही जगह न होने के कारण काम करना असंभव हो गया है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द आवश्यक बुनियादी ढांचे का निर्माण किया जाए और वकीलों की समस्याओं का समाधान किया जाए ताकि न्यायिक प्रक्रिया सुचारू रूप से चल सके।




0 Comments