कोलकाता :- पश्चिम बंगाल की राजनीति में शनिवार को आए बड़े बदलाव के बाद अब नई बीजेपी सरकार ने सुचारू रूप से कामकाज संभाल लिया है। शनिवार को ब्रिगेड ग्राउंड में आयोजित एक भव्य समारोह में शुभेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी, जिनके साथ पांच अन्य मंत्रियों ने भी पद और गोपनीयता की शपथ ग्रहण की थी। सोमवार को मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने अपनी कैबिनेट के सहयोगियों के बीच विभागों का विधिवत बंटवारा कर दिया है। इस नई कैबिनेट में अनुभवी नेता दिलीप घोष को अत्यंत महत्वपूर्ण पंचायत और ग्रामीण विकास विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है, साथ ही वे पशु संसाधन विकास विभाग का कार्यभार भी संभालेंगे।
वहीं, आसनसोल दक्षिण से विधायक अग्निमित्रा पॉल को महिला एवं बाल कल्याण विभाग के साथ-साथ नगर विकास मंत्रालय का जिम्मा दिया गया है। उत्तर बंगाल के राजनीतिक समीकरणों को ध्यान में रखते हुए निशीथ प्रमाणिक को उत्तर बंगाल विकास मंत्रालय के साथ खेल एवं युवा कल्याण विभाग का दायित्व सौंपा गया है। इसके अतिरिक्त, अशोक कीर्तनिया को राज्य का नया खाद्य मंत्री बनाया गया है, जबकि खुदराम टुडू को आदिवासी विकास और पर्यटन मंत्रालय की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है।

0 Comments