दूर्गापुर :- दूर्गापुर के मायाबाजार इलाके में बुधवार देर रात पंजाब नेशनल बैंक बैंक की शाखा में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। इस अग्निकांड में बैंक के भीतर रखे कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और कागजात पूरी तरह जलकर खाक हो गए हैं। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, बुधवार रात करीब पौने दस बजे आसपास के लोगों ने बैंक की इमारत से आग की लपटें और धुएं का गुबार निकलते देखा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचित किया गया। सूचना मिलते ही दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब 45 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। आग बुझने के बाद जब बैंक के भीतर का नजारा देखा गया, तो वहां रखे फर्नीचर सहित बड़ी संख्या में जरूरी फाइलें और दस्तावेज जल चुके थे।
इस घटना से बैंक के ग्राहकों में अपनी जमा-पूंजी और कागजी कार्रवाई को लेकर भारी चिंता और बेचैनी देखी जा रही है। दमकल अधिकारी पार्थसारथी घोष ने बताया कि समय रहते कार्रवाई करने से आग को फैलने से रोक लिया गया, हालांकि सटीक कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है। प्राथमिक जांच में शॉर्ट सर्किट को ही आग लगने की मुख्य वजह माना जा रहा है। वहीं, बैंक के शाखा प्रबंधक अरुण कुमार महतो ने कहा कि आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।




0 Comments