कोलकाता :- कोलकाता पुलिस ने झारखंड की प्रतिबंधित माओवादी संगठन 'बीओआरसी' (BORC) की एक सक्रिय क्षेत्रीय समिति सदस्य श्रद्धा विश्वास उर्फ बेला को गिरफ्तार करने में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। कोलकाता पुलिस आयुक्त अजय नंदा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बताया कि श्रद्धा विश्वास 2006 से झारखंड के घाटशिला, पूर्वी सिंहभूम और पश्चिमी सिंहभूम जैसे क्षेत्रों में सक्रिय थी। वह किसी गुप्त उद्देश्य से कोलकाता आई थी, जहाँ सटीक जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने उसे धर दबोचा। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, श्रद्धा विश्वास पर झारखंड में 20 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं और झारखंड पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी पर 15 लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। इससे पहले उसे 2004-05 में पश्चिम मेदिनीपुर के बेलपहाड़ी से भी गिरफ्तार किया गया था, लेकिन जमानत मिलने के बाद वह फिर से माओवादी गतिविधियों में शामिल हो गई। पुलिस अब उससे पूछताछ कर झारखंड में सक्रिय अन्य माओवादी सदस्यों और उसके नेटवर्क के बारे में विस्तृत जानकारी जुटाने की कोशिश कर रही है।
वहीं दूसरी तरफ मुख्यधारा में लौटने की इच्छा के साथ एक माओवादी ने आत्मसमर्पण कर दिया है। उनका नाम माधाई पात्रा है। उन्होंने राज्य पुलिस प्रशासन के समक्ष आत्मसमर्पण किया। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि उनके पास से कोई हथियार बरामद हुआ है या नहीं। माधाई ने बताया कि उनका स्वास्थ्य ठीक नहीं है, इसी कारण उन्होंने प्रभारी (इनचार्ज) की अनुमति लेकर आत्मसमर्पण किया है। साथ ही, माधाई ने अपने अन्य साथियों से भी समाज की मुख्यधारा में वापस लौटने का अनुरोध किया है।


0 Comments