MLA के रूप में CM शुभेंदु अधिकारी ने ली शपथ, विधानसभा की सीढ़ियों पर टेका माथा

कोलकाता :- पश्चिम बंगाल की राजनीति में एक नए अध्याय की शुरुआत करते हुए मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बुधवार को विधानसभा की सीढ़ियों पर अपना सिर झुकाकर प्रणाम किया और सदन के भीतर प्रवेश किया। विधानसभा पहुँचने पर प्रोटेम स्पीकर और मानिकतला से भाजपा विधायक तापस राय ने उनका स्वागत किया। नियमानुसार, विधानसभा परिसर में मुख्यमंत्री को 'गार्ड ऑफ ऑनर' दिया गया, जिसके बाद उन्होंने बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इसके पश्चात शुभेंदु अधिकारी मुख्यमंत्री के लिए निर्धारित कक्ष में गए, जहाँ उन्होंने पुरोहितों की उपस्थिति में विधिवत पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री ने इस विशेष क्षण का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया है, जिसमें उन्हें शंख और घंटों की ध्वनि के बीच पूजा करते देखा जा सकता है।


पूजा समाप्त करने के बाद मुख्यमंत्री सीधे सदन के भीतर पहुँचे, जहाँ प्रोटेम स्पीकर ने उन्हें विधायक के रूप में पद की शपथ दिलाई। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने भवानीपुर निर्वाचन क्षेत्र के विधायक के रूप में शपथ ली है, जिसका अर्थ है कि वह अपनी पुरानी सीट नंदीग्राम को छोड़ने जा रहे हैं। मुख्यमंत्री के बाद राज्य मंत्रिमंडल के अन्य प्रमुख सदस्यों, जिनमें दिलीप घोष, अग्निमित्रा पॉल और निशीथ प्रमाणिक शामिल थे, ने भी बारी-बारी से शपथ ग्रहण की। पहले चरण में उत्तर बंगाल और मुर्शिदाबाद जिलों के लगभग 80 विधायकों के शपथ लेने की प्रक्रिया दोपहर डेढ़ बजे तक चली। इसके बाद दूसरे चरण की प्रक्रिया दोपहर 2 बजे से शुरू हुई, जिसमें नदिया और उत्तर व दक्षिण 24 परगना के विधायकों को शपथ दिलाई गई।

विधायकों के शपथ ग्रहण का यह सिलसिला गुरुवार को भी जारी रहेगा। परंपरा के अनुसार, जब तक स्थायी अध्यक्ष का चुनाव नहीं हो जाता, तब तक प्रोटेম स्पीकर ही सदन की कार्यवाही संभालते हैं। मंगलवार को ही राज्यपाल आर.एन. रवि ने वरिष्ठ विधायक तापस राय को प्रोटेम स्पीकर के रूप में शपथ दिलाई थी। खबर है कि 15 मई (शुक्रवार) को विधानसभा अध्यक्ष का चुनाव होना तय है और संभावना जताई जा रही है कि तापस राय को ही इस पद के लिए नामांकित किया जा सकता है।

Post a Comment

0 Comments