Asansol में बिजली संकट पर फूटा जनता का गुस्सा, GT Road जाम कर जताया विरोध

आसनसोल :- बुधवार शाम आए भीषण आंधी-तूफान के बाद आसनसोल में जनजीवन अभी तक पटरी पर नहीं लौट पाया है। तूफान के कारण गिरे पेड़ों और टूटे बिजली के खंभों की वजह से शहर के कई इलाकों में अंधेरा छाया हुआ है। इसी बिजली संकट से नाराज होकर गुरुवार को महिला कल्याण स्कूल के सामने जीटी रोड पर स्थानीय लोगों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर टायर जलाकर रास्ता जाम कर दिया, जिससे व्यस्त जीटी रोड पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।


प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे रबीउल इस्लाम ने बताया कि कल शाम करीब 5 बजे आए तूफान के कारण महिला कल्याण स्कूल और बोतल मस्जिद के बीच एक विशाल पेड़ बिजली के पोल पर गिर गया था। इस घटना के बाद से ही पूरे इलाके की बिजली गुल है। भीषण गर्मी के बीच लोग लगभग 24 घंटों से बिना बिजली के रहने को मजबूर हैं। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि बुधवार शाम से लेकर गुरुवार सुबह तक बार-बार बिजली विभाग के अधिकारियों को सूचना दी गई, लेकिन किसी ने भी मौके पर पहुंचकर पेड़ हटाने या बिजली बहाल करने की जहमत नहीं उठाई। हालात इतने खराब हो गए हैं कि बिजली न होने के कारण इलाके में पीने के पानी का संकट भी खड़ा हो गया है।


प्रदर्शनकारियों ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि एक तरफ राज्य सरकार जनता की सुविधाओं के लिए करोड़ों रुपये खर्च कर रही है, वहीं दूसरी तरफ सरकारी दफ्तरों में बैठे कुछ लापरवाह अधिकारी सरकार की छवि खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। लोगों ने साफ चेतावनी दी है कि विभाग की इस तरह की मनमानी और लापरवाही को अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और जब तक बिजली बहाल नहीं होती, उनका विरोध जारी रहेगा।

Post a Comment

0 Comments