कोलकाता :- काउंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशन (CISCE) ने गुरुवार को आईसीएसई (कक्षा 10वीं) और आईएससी (कक्षा 12वीं) के परीक्षा परिणाम घोषित कर दिए हैं। इस वर्ष के नतीजों में एक बार फिर छात्राओं ने बाजी मारी है और लड़कों की तुलना में उनका प्रदर्शन बेहतर रहा है। आंकड़ों के अनुसार, आईसीएसई परीक्षा में कुल 99.18 प्रतिशत विद्यार्थी सफल रहे, जिसमें कुल 2 लाख 58 हजार 721 छात्र-छात्राएं शामिल हुए थे। वहीं, आईएससी यानी 12वीं कक्षा में कुल पास प्रतिशत 99.13 रहा। इस बार आईएससी में छात्राओं का पास प्रतिशत 99.48 रहा, जबकि छात्रों का प्रतिशत 98.81 दर्ज किया गया।
इस साल के परिणामों में पश्चिम बंगाल के लिए सबसे गर्व का क्षण तब आया जब पानीहाटी सेंट जेवियर्स की छात्रा अनुष्का घोष ने आईएससी परीक्षा में 400 में से पूरे 400 अंक प्राप्त कर देशभर में शीर्ष स्थान हासिल किया। बैरकपुर की रहने वाली अनुष्का ने अपनी इस ऐतिहासिक सफलता का श्रेय कड़ी मेहनत, स्कूल के शिक्षकों और अपनी मां को दिया है। इतनी बड़ी उपलब्धि के बावजूद अनुष्का बेहद जमीन से जुड़ी हुई हैं और उनका मानना है कि सफलता का कोई विकल्प नहीं है, केवल निरंतर परिश्रम ही इंसान को लक्ष्य तक पहुंचाता है।
अपनी भविष्य की योजनाओं के बारे में बताते हुए अनुष्का ने कहा कि वह इंजीनियरिंग की पढ़ाई करना चाहती हैं और इसके लिए उन्होंने तैयारी भी शुरू कर दी है। पढ़ाई के अलावा उन्हें खाली समय में कविताएं और कहानियां लिखना बेहद पसंद है। अनुष्का की इस शानदार उपलब्धि से न केवल उनका स्कूल बल्कि पूरा बंगाल गौरवान्वित महसूस कर रहा है। परीक्षा परिणामों की घोषणा के साथ ही सफल छात्रों के घरों में जश्न का माहौल है और सभी अपनी मेहनत के रंग लाने पर उत्साहित नजर आ रहे हैं।



0 Comments