डायमंड हार्बर और मगराहाट के 15 बूथों पर कड़ी सुरक्षा के बीच पुनर्मतदान जारी

कोलकाता :- पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण के चुनाव के दौरान सामने आई छिटपुट अशांति की घटनाओं के बाद, चुनाव आयोग के निर्देश पर शनिवार को डायमंड हार्बर और मगराहाट पश्चिम विधानसभा क्षेत्रों के 15 मतदान केंद्रों पर पुनर्मतदान कराया जा रहा है। इन केंद्रों पर सुबह 7 बजे से ही मतदान की प्रक्रिया कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हो गई, जो शाम 6 बजे तक चलेगी। चुनाव आयोग द्वारा जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार, सुबह 11 बजे तक इन दोनों विधानसभा क्षेत्रों के 15 बूथों पर लगभग 37 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। 


जानकारी के अनुसार, मगराहाट पश्चिम में 38.2 प्रतिशत और डायमंड हार्बर में 35.92 प्रतिशत वोटिंग हुई है। सुबह से ही इन मतदान केंद्रों के बाहर मतदाताओं की लंबी कतारें देखी गईं। हालांकि, दोबारा मतदान करने को लेकर कुछ मतदाताओं के मन में असमंजस और असंतोष भी नजर आया। मगराहाट पश्चिम के एक बूथ पर सुबह सवा छह बजे से लाइन में लगे कुछ ग्रामीणों का कहना था कि उनका क्षेत्र हमेशा शांतिपूर्ण रहा है और वे समझ नहीं पा रहे हैं कि यहाँ दोबारा मतदान की आवश्यकता क्यों पड़ी। स्थानीय निवासियों ने बताया कि शुक्रवार रात को ही बीएलओ ने घर-घर जाकर सूचित किया था कि पिछले दिनों दिया गया वोट रद्द हो गया है और उन्हें शनिवार को फिर से मतदान करना होगा। हालांकि, मतदाताओं ने यह भी स्पष्ट किया कि दोबारा वोट देने में उन्हें किसी विशेष तकनीकी समस्या का सामना नहीं करना पड़ रहा है।

Post a Comment

0 Comments