आसनसोल :- पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के परिणाम घोषित होने के बाद पश्चिम बर्दवान जिले में भड़की राजनीतिक हिंसा को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस अब पूरी तरह एक्शन मोड में आ गई है। नतीजे आने के बाद जिले के विभिन्न हिस्सों से पार्टी कार्यालयों में तोड़फोड़, आगजनी और झड़प की खबरें लगातार सामने आ रही थीं, जिसने स्थानीय सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए थे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बुधवार को पश्चिम बर्दवान के जिला मजिस्ट्रेट (डीएम) एस. पन्नाबलम और आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के पुलिस आयुक्त डॉ. प्रणव कुमार ने एक संयुक्त संवाददाता सम्मेलन कर उपद्रवियों को कड़ा संदेश दिया।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि चुनाव आयोग के निर्देशों के तहत जिले में हिंसा के खिलाफ 'जीरो टॉलरेंस' की नीति अपनाई जा रही है और शांति भंग करने की कोशिश करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस कमिश्नर डॉ. प्रणव कुमार ने जानकारी दी कि पिछले दो दिनों के भीतर जिले के विभिन्न इलाकों से लगभग 200 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया गया है और कई गंभीर मामले दर्ज किए गए हैं। उन्होंने आम जनता से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए चेतावनी दी कि सार्वजनिक या निजी संपत्ति को नुकसान पहुँचाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कानून-व्यवस्था को चाक-चौबंद करने के लिए पूरे जिले में पुलिस बल के साथ-साथ केंद्रीय अर्धसैनिक बलों के जवानों को तैनात किया गया है। आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए एक 'जॉइंट कंट्रोल रूम' भी सक्रिय किया गया है, जहाँ पुलिस और सीआरपीएफ के वरिष्ठ अधिकारी चौबीसों घंटे तैनात रहेंगे। डीएम एस. पन्नाबलम ने बताया कि चुनाव प्रक्रिया जिस तरह शांतिपूर्ण संपन्न हुई थी, उसी तरह चुनाव के बाद का माहौल भी सामान्य बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। नागरिकों से अनुरोध किया गया है कि वे किसी भी अप्रिय घटना की सूचना तुरंत कंट्रोल रूम या अपने नजदीकी थाने को दें ताकि समय रहते उपद्रवियों पर नकेल कसी जा सके।



0 Comments