आ गई फैसले की घड़ी, कड़ी सुरक्षा के बीच सोमवार सुबह 8 बजे से शुरू होगी मतगणना

कोलकाता :- पश्चिम बंगाल में सोमवार की सुबह लोकतंत्र के सबसे बड़े उत्सव का परिणाम लेकर आने वाली है। राज्य की सभी विधानसभा सीटों के लिए होने वाली मतगणना को लेकर निर्वाचन आयोग ने सुरक्षा के ऐसे इंतजाम किए हैं कि मतगणना केंद्र किसी अभेद्य दुर्ग में तब्दील हो गए हैं। पूरे राज्य में कुल 77 मतगणना केंद्र बनाए गए हैं, जहां शांतिपूर्ण तरीके से प्रक्रिया संपन्न कराने के लिए आयोग ने 165 काउंटिंग ऑब्जर्वर तैनात किए हैं। इनकी सहायता के लिए अतिरिक्त ऑब्जर्वर भी मौजूद रहेंगे। इसके अलावा सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए 77 विशेष पुलिस ऑब्जर्वर नियुक्त किए गए हैं। कोलकाता पुलिस के अधीन आने वाले सभी केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में धारा 163 लागू कर दी गई है, जिसके तहत पांच या उससे अधिक लोगों के जमा होने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।

मतगणना की शुरुआत सोमवार सुबह 8:00 बजे से होगी। सबसे पहले पोस्टल बैलेट (डाक मतपत्रों) की गिनती की जाएगी, जिसके करीब आधे घंटे बाद यानी 8:30 बजे से ईवीएम (EVM) के वोटों की गिनती शुरू होगी। निर्वाचन आयोग के अनुसार, रुझानों का सिलसिला सुबह 9:00 बजे से ही शुरू हो जाएगा, लेकिन अधिकतर विधानसभा सीटों की तस्वीर दोपहर 12:00 बजे से 2:00 बजे के बीच काफी हद तक साफ हो जाएगी। इस बार मतगणना की प्रक्रिया को पूरी तरह त्रुटिहीन बनाने के लिए आयोग ने कड़े दिशा-निर्देश जारी किए हैं। मतगणना में लगे सरकारी कर्मचारियों को स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या जानबूझकर की गई गलती को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि किसी कर्मी की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता की कमी पाई जाती है, तो उसके खिलाफ कठोर विभागीय कार्रवाई होगी और दोषी पाए जाने पर उनकी नौकरी भी जा सकती है।

मतगणना के चरणों की बात करें तो अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में राउंड की संख्या अलग-अलग हो सकती है। सामान्य तौर पर, सीटों पर न्यूनतम 10 से 15 राउंड और बड़े निर्वाचन क्षेत्रों में अधिकतम 25 से 30 राउंड तक मतगणना चलने की संभावना है। राज्य में इस बार दो चरणों में रिकॉर्ड मतदान दर्ज किया गया है, जिसे देखते हुए स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा में कोई कसर नहीं छोड़ी गई है। अब सबकी निगाहें सोमवार सुबह 8 बजे पर टिकी हैं, जब ईवीएम से जनता का फैसला बाहर निकलना शुरू होगा।

Post a Comment

0 Comments