आसनसोल :- पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजों से पहले निर्वाचन आयोग ने मतगणना प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए कमर कस ली है। आयोग ने राज्य के विभिन्न केंद्रों पर कुल 432 गणना पर्यवेक्षकों (काउंटिंग ऑब्जर्वर) की नियुक्ति की है और उनकी विस्तृत सूची भी जारी कर दी है। सोमवार को राज्य की 293 सीटों पर मतों की गिनती की जाएगी, हालांकि आयोग द्वारा शनिवार को जारी सूची में सभी 294 सीटों का विवरण दिया गया है। गौरतलब है कि फलता विधानसभा सीट पर फिलहाल मतगणना नहीं होगी, जिसे लेकर दक्षिण 24 परगना जिले के पर्यवेक्षकों की अंतिम संख्या पर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं की गई है।
जिलों के अनुसार तैनाती पर नजर डालें तो उत्तर 24 परगना में सबसे अधिक 49 गणना पर्यवेक्षक तैनात किए गए हैं, जहाँ 33 सीटों पर गिनती होनी है। इसके बाद दक्षिण 24 परगना का स्थान है जहाँ 31 सीटों के लिए 45 पर्यवेक्षकों का प्रावधान किया गया था। अन्य प्रमुख जिलों में मुर्शिदाबाद की 22 सीटों के लिए 33 और पूर्व बर्दवान व पूर्व मेदिनीपुर की 16-16 सीटों के लिए 26-26 पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए हैं। कोलकाता की 11 सीटों के लिए 12 पर्यवेक्षक तैनात रहेंगे, जबकि सबसे कम 6 पर्यवेक्षक अलीपुरद्वार जिले की 5 सीटों के लिए नियुक्त किए गए हैं। दार्जिलिंग, हुगली, हावड़ा और नदिया जैसे जिलों में भी सीटों की संख्या के अनुपात में पर्यवेक्षकों की पर्याप्त व्यवस्था की गई है।
चुनाव आयोग ने इस बार विशेष सावधानी बरतते हुए 165 अतिरिक्त गणना पर्यवेक्षकों की भी नियुक्ति की है। ये अतिरिक्त अधिकारी उन विधानसभा क्षेत्रों में तैनात रहेंगे जहाँ एक से अधिक मतगणना कक्ष बनाए गए हैं, ताकि वे पहले से मौजूद पर्यवेक्षकों की सहायता कर सकें और प्रक्रिया में तेजी लाई जा सके। आयोग का मुख्य उद्देश्य गणना के दौरान पारदर्शिता और सटीकता बनाए रखना है, जिसमें ये पर्यवेक्षक मुख्य भूमिका निभाएंगे।
सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए आयोग ने गणना केंद्रों के बाहर की जिम्मेदारी पुलिस पर्यवेक्षकों को सौंपी है। इसके लिए कुल 77 पुलिस पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए हैं, जिनका कार्य केंद्र के आसपास कानून-व्यवस्था और सुरक्षा सुनिश्चित करना होगा। हालांकि, आयोग ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि कोई भी पुलिस पर्यवेक्षक मतगणना कक्ष के भीतर प्रवेश नहीं कर सकेगा। वे अन्य चुनाव कर्मियों के साथ समन्वय बिठाकर बाहरी सुरक्षा घेरे की निगरानी करेंगे ताकि मतगणना के दिन किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके।

0 Comments