पश्चिम बर्दवान की सभी 9 सीटों पर शुरुआती लीड के साथ BJP ने TMC को पछाड़ा


आसनसोल :- पश्चिम बर्दवान जिले में चुनावी नतीजों के शुरुआती रुझानों ने राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज कर दी है। जिले की सभी 9 विधानसभा सीटों पर भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशियों ने निर्णायक बढ़त बना ली है, जिससे सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस फिलहाल पिछड़ती हुई नजर आ रही है। ताजा आंकड़ों के अनुसार, आसनसोल दक्षिण सीट पर भाजपा की अग्निमित्र पाल ने अपने प्रतिद्वंद्वी पर 20 हजार वोटों की भारी बढ़त बनाकर सबको चौंका दिया है। इसी तरह रानीगंज में भाजपा के पार्थ घोष 7797 वोटों से आगे चल रहे हैं, जबकि कुल्टी सीट से डॉ. अजय कुमार पोद्दार ने 4521 मतों के अंतर से अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। जिले के अन्य हिस्सों में भी भगवा खेमे का दबदबा बरकरार है। आसनसोल उत्तर में कृष्णनेंदु मुखर्जी 4186 वोटों से बढ़त बनाए हुए हैं, वहीं दुर्गापुर पूर्व में चंद्रशेखर बनर्जी 3373 और दुर्गापुर पश्चिम में लखन घुरूई 2260 वोटों से आगे चल रहे हैं। कोयलांचल के चर्चित पांडेश्वर विधानसभा क्षेत्र में जितेंद्र तिवारी ने 2355 वोटों की बढ़त हासिल की है। बाराबनी में मुकाबला बेहद कड़ा नजर आ रहा है, जहां अरिजीत राय महज 208 वोटों के मामूली अंतर से आगे हैं। इन शुरुआती रुझानों ने पश्चिम बर्दवान में भाजपा कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह भर दिया है, जबकि तृणमूल कांग्रेस के खेमे में सन्नाटा पसरा हुआ है। मतगणना के अगले दौर जिले की राजनीति की अंतिम तस्वीर साफ करेंगे।

Post a Comment

0 Comments