कोलकाता :- पश्चिम बंगाल के राजनीतिक इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा घोषित तिथि पर मुहर लग गई है और अब शनिवार को रविंद्र जयंती के पावन अवसर पर राज्य में भारतीय जनता पार्टी की पहली कैबिनेट का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित होगा। पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष समित भट्टाचार्य ने कहा कि विधायक दल की बैठक वृहस्पतिवार शाम को आयोजित की जाएगी। शपथ ग्रहण समारोह 9 मई को सुबह 10 बजे ब्रिगेड परेड ग्राउंड में होगा। चुनाव परिणामों की शाम दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय से प्रधानमंत्री ने इस विशेष दिन का ऐलान किया था, हालांकि बीच में शपथ ग्रहण की तारीख को लेकर रविवार की अटकलें भी लगाई जा रही थीं। अब तमाम कयासों पर विराम लग चुका है और प्रधानमंत्री की घोषणा के अनुरूप शनिवार सुबह 10 बजे कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड मैदान में यह भव्य समारोह संपन्न होगा। सूत्रों के अनुसार, बंगाल में पहली बार सत्ता संभालने जा रही भाजपा के इस शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित पार्टी के कई शीर्ष नेता शामिल हो सकते हैं। रबिंद्र जयंती के दिन नई सरकार का गठन कर भाजपा एक बड़ा सांस्कृतिक और राजनीतिक संदेश देने की तैयारी में है। इस ऐतिहासिक पल का गवाह बनने के लिए ब्रिगेड मैदान में भारी संख्या में समर्थकों के जुटने की संभावना है, जिसके मद्देनजर सुरक्षा और अन्य प्रशासनिक तैयारियां युद्ध स्तर पर पूरी की जा रही हैं।

0 Comments