आसनसोल :- पश्चिम बंगाल की 293 विधानसभा सीटों के साथ ही पश्चिम बर्दवान जिले की 9 सीटों पर सोमवार को मतगणना होगी। जिले की इन नौ सीटों के परिणामों के लिए प्रशासन ने दो अलग-अलग स्ट्रांग रूम बनाए हैं, जहाँ सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। मतगणना को लेकर सभी राजनीतिक दलों और उनके कार्यकर्ताओं के बीच भारी उत्साह और बेचैनी देखी जा रही है। इसी पृष्ठभूमि में, मतगणना के दौरान कानून-व्यवस्था और शांति बनाए रखने के उद्देश्य से रविवार को आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के हीरापुर थाने में एक महत्वपूर्ण सर्वदलीय बैठक आयोजित की गई। एसीपी मिहिर कुमार दे की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में तृणमूल कांग्रेस, भाजपा और कांग्रेस सहित सभी प्रमुख राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि शामिल हुए।
बैठक के दौरान पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट और कड़ा संदेश देते हुए चेतावनी दी कि मतगणना के दौरान या उसके बाद किसी भी प्रकार की अराजकता या हिंसा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि प्रशासन किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है और उपद्रवियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। सभी राजनीतिक दलों से अनुरोध किया गया है कि वे अपने कार्यकर्ताओं को संयम बरतने और शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने का निर्देश दें। इस बैठक के संदर्भ में आसनसोल दक्षिण विधानसभा (टाउन) ब्लॉक अध्यक्ष पूर्णेंदु चौधरी उर्फ टीपू ने बताया कि प्रशासन ने सभी दलों के साथ समन्वय स्थापित कर शांति व्यवस्था सुनिश्चित करने की अपील की है, जिसका सभी ने समर्थन किया है।


0 Comments