Abhishek Banerjee ने बुलाई काउंटिंग एजेंटों की बैठक, एजेंटों को मतगणना के अंत तक डटे रहने का निर्देश

कोलकाता :- पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण के मतदान के संपन्न होते ही स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा और मतगणना प्रक्रिया को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। स्ट्रॉन्ग रूम की निगरानी में कथित लापरवाही को लेकर सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने कड़ा रुख अपनाया है। इसी क्रम में तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने शनिवार शाम 4 बजे काउंटिंग एजेंटों के साथ एक महत्वपूर्ण वर्चुअल बैठक बुलाई है। इस बैठक में वे एजेंटों को मतगणना केंद्रों के भीतर उनकी भूमिका और जिम्मेदारियों के बारे में विस्तार से समझाएंगे। माना जा रहा है कि अभिषेक बनर्जी काउंटिंग एजेंटों को एग्जिट पोल के रुझानों पर ध्यान न देते हुए आखिरी क्षण तक मैदान में डटे रहने का मंत्र देंगे। पार्टी नेतृत्व ने स्पष्ट किया है कि जब तक मतगणना पूरी नहीं हो जाती और आधिकारिक घोषणा नहीं हो जाती, तब तक किसी भी काउंटिंग एजेंट को केंद्र से बाहर नहीं निकलना है। यदि किसी को बाहर जाना भी पड़े, तो उनके स्थान पर वैकल्पिक एजेंट की मौजूदगी अनिवार्य होगी। इसके अलावा, किसी भी संदिग्ध गतिविधि की स्थिति में तुरंत उम्मीदवारों को सूचित करने और किसी भी प्रकार के उकसावे में न आने का निर्देश दिया गया है। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी कार्यकर्ताओं से धांधली की आशंकाओं के बीच सतर्क रहने की अपील की है।

Post a Comment

0 Comments