Agnimitra Paul के मंत्री बनने पर Asansol में जश्न, फैशन की दुनिया से सियासत के शिखर तक का सफर

आसनसोल (राम बाबू यादव) :- कोलकाता के ब्रिगेड परेड मैदान में शनिवार को आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में जैसे ही आसनसोल दक्षिण की विधायक अग्निमित्रा पॉल ने मंत्री पद की शपथ ली, वैसे ही पूरे आसनसोल शिल्पजाल में उत्साह और खुशी की लहर दौड़ गई। भाजपा कार्यकर्ताओं ने इस उपलब्धि को होली और दिवाली की तरह मनाया, जहां एक ओर जमकर आतिशबाजी हुई तो दूसरी ओर कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को गेरुआ गुलाल लगाकर और मिठाइयां बांटकर अपनी प्रसन्नता व्यक्त की। क्षेत्र की जनता और समर्थकों के लिए यह गौरव का क्षण रहा क्योंकि उनके निर्वाचन क्षेत्र की प्रतिनिधि को राज्य की नई सरकार में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।


अग्निमित्रा पॉल का राजनीतिक जीवन अत्यंत प्रभावशाली रहा है। राजनीति में कदम रखने से पहले वह एक सुप्रसिद्ध फैशन डिजाइनर के रूप में अपनी पहचान बना चुकी थीं, लेकिन जनसेवा के संकल्प के साथ उन्होंने भारतीय जनता पार्टी का दामन थामा। वर्ष 2021 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने पहली बार आसनसोल दक्षिण सीट से जीत हासिल कर अपनी राजनीतिक पारी की सशक्त शुरुआत की थी। इसके बाद वर्ष 2026 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने लगातार दूसरी बार जीत दर्ज कर अपनी लोकप्रियता को साबित किया। अब पश्चिम बंगाल में भाजपा की पहली सरकार के गठन के अवसर पर उन्हें मंत्रिमंडल में शामिल कर उनके संगठनात्मक कौशल और जनसमर्थन को सम्मान दिया गया है।

संगठन के स्तर पर भी अग्निमित्रा पॉल ने अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। वह पूर्व में भाजपा की प्रदेश महासचिव के रूप में कार्य कर चुकी हैं और वर्तमान में प्रदेश उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रही हैं। पूरे पश्चिम बंगाल में उन्हें भाजपा के प्रमुख महिला चेहरों में गिना जाता है, जिन्होंने न केवल आसनसोल बल्कि राज्य के विभिन्न हिस्सों में पार्टी को मजबूती प्रदान की है। हालांकि अभी तक आधिकारिक तौर पर मंत्रालयों का बंटवारा नहीं हुआ है, लेकिन राजनीतिक गलियारों में यह प्रबल चर्चा है कि उनके अनुभव और सक्रियता को देखते हुए उन्हें नई सरकार में कोई बेहद महत्वपूर्ण विभाग सौंपा जा सकता है।

Post a Comment

0 Comments