आसनसोल :- पश्चिम बर्दवान जिले के होनहार छात्र अभिषेक दास ने इस वर्ष की माध्यमिक परीक्षा में अपनी मेधा का लोहा मनवाते हुए राज्य की टॉप-10 सूची में जगह बनाई है। आसनसोल रामकृष्ण मिशन के इस छात्र ने कुल 688 अंक प्राप्त कर राज्य में दसवां स्थान हासिल किया, जिससे पूरे जिले और स्कूल का नाम रोशन हुआ है। शहीद सुकुमार पल्ली के निवासी अभिषेक ने विशेष रूप से बंगाली, जीवन विज्ञान और गणित जैसे कठिन विषयों में 100 में से 100 अंक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा साबित की है।
अभिषेक के पिता असित दास एक निजी संस्थान में डिलीवरी मैन के तौर पर कार्यरत हैं और मां झूमा दास गृहिणी हैं। एक साधारण परिवार से आने वाले अभिषेक का सपना भविष्य में डॉक्टर बनकर समाज की सेवा करना है, जिसके लिए उन्होंने अभी से मेडिकल साइंस की तैयारी शुरू कर दी है। अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और रामकृष्ण मिशन के शिक्षकों को देते हुए अभिषेक ने बताया कि वह रात के समय एकाग्रता के साथ पढ़ाई करना पसंद करते थे। पढ़ाई के साथ-साथ उन्हें कहानी की पुस्तकें पढ़ना और क्रिकेट व फुटबॉल देखना भी बेहद पसंद है। उनकी इस शानदार उपलब्धि पर स्कूल प्रबंधन और स्थानीय लोगों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।


0 Comments