आसनसोल :- आसनसोल उत्तर विधानसभा क्षेत्र से नवनिर्वाचित भाजपा विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी ने अपने चुनावी संकल्प को पूरा करते हुए बस्तीन बाजार स्थित ऐतिहासिक दुर्गा मंदिर में 13 वर्षों से बंद पड़ी नित्य पूजा को पुनः प्रारंभ करा दिया है। रविवार को बड़ी संख्या में भक्तों के साथ मंदिर पहुंचे विधायक ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। यह क्षण स्थानीय श्रद्धालुओं के लिए भावुक कर देने वाला था, क्योंकि एक दशक से भी अधिक समय से इस मंदिर के कपाट राजनीतिक साजिशों के चलते बंद पड़े थे। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि पिछली सरकार के कार्यकाल के दौरान जानबूझकर मंदिर में ताला लगा दिया गया था और सभी धार्मिक अनुष्ठानों पर रोक लगा दी गई थी। दुर्गा मंदिर में नित्य पूजा शुरू होते ही भक्तों का जन सैलाब उमड़ पड़ा। पूरे दुर्गा मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था।
इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी ने पूर्ववर्ती तृणमूल सरकार पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल एक मंदिर का पुनः खुलना नहीं है, बल्कि अन्याय पर न्याय और आस्था की जीत है। मुखर्जी ने सीधे तौर पर आरोप लगाया कि पिछले 13 वर्षों से राजनीतिक द्वेष और एक विशेष संप्रदाय को खुश करने के लिए तुष्टीकरण की नीति अपनाई गई, जिसके कारण सनातन धर्मावलंबियों की भावनाओं को गहरी ठेस पहुंची। उन्होंने जनता को याद दिलाया कि चुनाव प्रचार के दौरान उन्होंने यह वादा किया था कि जीत के बाद वे इस मंदिर का मान-सम्मान बहाल करेंगे और आज उस संकल्प की सिद्धि हुई है।




0 Comments