आसनसोल :- पश्चिम बंगाल में चुनाव नतीजों के बाद हिंसा का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा घटना आसनसोल के कोर्ट मोड़ इलाके की है, जहाँ बुधवार को तृणमूल कांग्रेस की पार्षद मौसम बसु के कार्यालय में भीषण आग लग गई। घटना की सूचना मिलते ही आसनसोल उत्तर से नवनिर्वाचित भाजपा विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी, पुलिस कमिश्नर और दमकल की गाड़ियाँ मौके पर पहुँचीं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
भाजपा विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी ने इस घटना को भाजपा को बदनाम करने की एक गहरी साजिश करार दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी का शीर्ष नेतृत्व किसी भी तरह की हिंसा के खिलाफ है। विधायक ने मांग की है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जाए ताकि यह साफ हो सके कि यह महज एक दुर्घटना थी या जानबूझकर अंजाम दी गई वारदात। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि यह हिंसा की साजिश है, तो दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।




0 Comments