दुर्गापुर (राम बाबू यादव) :- पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की सत्ता में ऐतिहासिक वापसी का असर अब स्थानीय निकायों पर भी दिखने लगा है। सत्ता परिवर्तन की इस लहर के बीच मंगलवार को औद्योगिक शहर दुर्गापुर में एक नाटकीय घटनाक्रम सामने आया, जब बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने दुर्गापुर नगर निगम मुख्यालय पर पहुंचकर वहां पार्टी का झंडा लहरा दिया। चुनाव नतीजों के बाद उत्साहित कार्यकर्ताओं ने निगम कार्यालय के शीर्ष पर चढ़कर अपनी जीत का जश्न मनाया और प्रतीकात्मक रूप से नगर निगम पर अपना प्रभाव स्थापित करने का प्रयास किया।
दुर्गापुर नगर निगम पिछले लंबे समय से प्रशासनिक पेचीदगियों का सामना कर रहा है, जहाँ आखिरी बार वर्ष 2017 में चुनाव हुए थे। इसके बाद सितंबर 2022 से निगम की कमान प्रशासक बोर्ड के हाथों में है। वर्तमान में स्थिति यह है कि बोर्ड के सदस्यों की संख्या भी घटकर केवल दो रह गई है, जो पूरे निगम का संचालन कर रहे हैं।
इस घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए दुर्गापुर पूर्व विधानसभा क्षेत्र के नवनिर्वाचित विधायक चंद्रशेखर बनर्जी ने स्पष्ट किया कि जब विधानसभा चुनाव में मिली प्रचंड जीत के बाद पूरे राज्य में भाजपा का परचम लहरा रहा है, तो नगर निगम इससे अछूता नहीं रह सकता। हालांकि, उन्होंने लोकतांत्रिक मूल्यों का हवाला देते हुए कहा कि भाजपा जनता का दिल जीतने और मतदान के जरिए सत्ता हासिल करने में विश्वास रखती है। उन्होंने भरोसा जताया कि जब भी दुर्गापुर नगर निगम के आगामी चुनाव होंगे, भाजपा वहां भी पूर्ण बहुमत के साथ अपना बोर्ड गठित करेगी। फिलहाल, मुख्यालय पर झंडा फहराए जाने की इस घटना ने राज्य में राजनीतिक शक्ति संतुलन के बदलते स्वरूप को पूरी तरह स्पष्ट कर दिया है।




0 Comments