पांडेश्वर के नवनिर्वाचित BJP MLA जितेंद्र तिवारी से मिलने उमड़ा समर्थकों का हुजूम

आसनसोल :- पांडेश्वर विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के नवनिर्वाचित विधायक जितेंद्र तिवारी की जीत का उत्साह उनके समर्थकों और शुभचिंतकों में साफ देखा जा रहा है। चुनाव परिणामों के बाद से ही उन्हें बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। आसनसोल के गोधूलि स्थित घनश्याम अपार्टमेंट में उनके आवासीय कार्यालय पर प्रतिदिन भारी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। इसी क्रम में गुरुवार को भी विभिन्न क्षेत्रों से आए समर्थकों ने विधायक जितेंद्र तिवारी का गर्मजोशी से स्वागत किया और उन्हें सम्मानित किया।


लोगों के इस अपार प्रेम और समर्थन पर प्रतिक्रिया देते हुए विधायक जितेंद्र तिवारी ने कहा कि जनता का यह भरोसा देखकर मन में खुशी तो होती है, लेकिन साथ ही एक बड़ी जिम्मेदारी का अहसास भी होता है। उन्होंने स्वीकार किया कि समर्थकों की उम्मीदों को देखते हुए मन में थोड़ा संकोच और डर भी रहता है कि क्या वे उनकी आकांक्षाओं पर पूरी तरह खरे उतर पाएंगे। उन्होंने पांडेश्वर की जनता के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे क्षेत्र के विकास के लिए पूरी निष्ठा से काम करेंगे।

आसनसोल नगर निगम (AMC) से जुड़े एक सवाल पर पूर्व मेयर जितेंद्र तिवारी ने बेबाकी से अपनी राय रखी। जब उनसे पूछा गया कि क्या वे भविष्य में फिर से नगर निगम की कमान संभालेंगे, तो उन्होंने कहा कि सवाल यह नहीं है कि वे व्यक्तिगत रूप से वहां जाएंगे या नहीं। उन्होंने विश्वास जताते हुए कहा कि वे जिस नीति और विचारधारा में विश्वास करते हैं और जिस ' झंडे' के नीचे काम कर रहे हैं, वह झंडा एक दिन आसनसोल नगर निगम पर जरूर लहराएगा।

Post a Comment

0 Comments