'क्लीन पांडेश्वर' अभियान शुरू, नवनिर्वाचित BJP MLA जितेंद्र तिवारी ने झाड़ू थामकर दिया स्वच्छता का संदेश

पांडेश्वर (राम बाबू यादव) :- पांडेश्वर विधानसभा क्षेत्र से नवनिर्वाचित भाजपा विधायक जितेंद्र तिवारी ने चुनावी जीत के मात्र तीन दिन बाद ही क्षेत्र के विकास और सौंदर्यीकरण को लेकर अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। विधायक ने 'क्लीन पांडेश्वर' का नारा देते हुए गुरुवार को चंद्रडांगा गांव का दौरा किया, जहां ग्रामीणों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। इस दौरान जितेंद्र तिवारी ने न केवल ग्रामीणों से मुलाकात की, बल्कि खुद अपने हाथों में झाड़ू थामकर स्वच्छता अभियान का शुभारंभ किया।उन्होंने गांव को साफ-सुथरा रखने की अपील करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही हम अपने गांव और विधानसभा क्षेत्र को सुंदर और स्वस्थ बना सकते हैं। जो लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से प्यार करते हैं वे हाथों में झाड़ू उठाए और स्वच्छता अभियान में भागीदारी करें। प्रधानमंत्री जी को स्वच्छ पांडेश्वर उपहार स्वरूप देना है। 



स्वच्छता अभियान के साथ-साथ जितेंद्र तिवारी ने राजनीतिक शिष्टाचार और समावेशी विकास पर भी जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि भाजपा बदले की राजनीति में विश्वास नहीं रखती और वे उन सभी के विधायक हैं, जिन्होंने उन्हें वोट दिया है और उनके भी जिन्होंने नहीं दिया। तृणमूल कांग्रेस की कार्यशैली पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा उस रास्ते पर कभी नहीं चलेगी, बल्कि उनका एकमात्र लक्ष्य पांडेश्वर को विकास के मामले में राज्य में अग्रणी बनाना है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं और नागरिकों से आह्वान किया कि वे राजनीतिक भेदभाव भूलकर स्वच्छता और विकास की इस मुहिम में सक्रिय भागीदारी निभाएं ताकि एक आदर्श विधानसभा क्षेत्र का निर्माण किया जा सके।

Post a Comment

0 Comments