दुर्गापुर :- पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजे सोमवार को घोषित होंगे। इससे पहले रविवार को BJP प्रत्याशियों ने विभिन्न मंदिरों में जाकर पूजा अर्चना की और जीत के लिए आशीर्वाद मांगा। इसी क्रम में रविवार को दुर्गापुर में भाजपा प्रत्याशियों ने लोकतंत्र की बहाली और राज्य में सुशासन के संकल्प के साथ मंदिरों में पहुंचे। दुर्गापुर पश्चिम से उम्मीदवार लक्ष्मण घोड़ुई ने सुबह की शुरुआत आध्यात्मिक आशीर्वाद के साथ की। उन्होंने मायाबाजार शिव मंदिर, भिड़िंगी कालीबाड़ी और सिटी सेंटर कालीबाड़ी सहित क्षेत्र के कई प्रमुख मंदिरों में पूजा-अर्चना कर जीत का आशीर्वाद मांगा। इसके बाद उन्होंने बेनाचिति बाजार और दुर्गापुर बस स्टैंड जैसे व्यस्त इलाकों में हाथ में तख्ती लेकर जनता का अभिवादन किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से शांति और धैर्य बनाए रखने की अपील करते हुए अपनी जीत का भरोसा जताया। वहीं, दुर्गापुर पूर्व विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी चंद्रशेखर बनर्जी ने भी भक्ति मार्ग अपनाते हुए कांकसा के आरा शिव मंदिर और एबीएल कालीबाड़ी में विशेष अनुष्ठान किए। उन्होंने जनता की खुशहाली और क्षेत्र की समृद्धि के लिए प्रार्थना की। दोनों ही प्रत्याशियों ने स्थानीय लोगों के बीच जाकर संवाद किया।


0 Comments