कोलकाता :- पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की प्रक्रिया संपन्न होने के बाद राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) मनोज अग्रवाल ने बुधवार सुबह राज्यपाल रवींद्र नारायण रवि से लोक भवन में मुलाकात की। इस दौरान सीईओ और आयोग के अधिकारियों ने नवनिर्वाचित 293 विधानसभा सीटों की आधिकारिक राजपत्र (गेजेट) अधिसूचना राज्यपाल को सौंपी। सूत्रों के अनुसार, मनोज अग्रवाल ने राज्यपाल को चुनाव प्रक्रिया और मतदान के बाद की स्थितियों से अवगत कराया। राज्य में चुनाव परिणामों के बाद सामने आ रही हिंसा की खबरों के बीच संवैधानिक प्रमुख के तौर पर राज्यपाल ने इन घटनाओं के संबंध में भी जानकारी ली। गौरतलब है कि नई सरकार के शपथ ग्रहण तक राज्य की कमान चुनाव आयोग के पास ही रहती है। वर्तमान परिणामों में भाजपा को पूर्ण बहुमत मिला है, लेकिन निवर्तमान मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने हार मानने से इनकार करते हुए आयोग पर पक्षपात के आरोप लगाए हैं। इस अभूतपूर्व राजनीतिक खींचतान के बीच राज्यपाल और सीईओ की यह मुलाकात बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है, क्योंकि अब राज्यपाल को ही बहुमत प्राप्त दल को सरकार गठन के लिए आमंत्रित करने का निर्णय लेना है। दूसरी ओर, सीईओ ने पूर्व मुख्यमंत्री के सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है।


0 Comments