दुर्गापुर में तालाब में तैरता मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, इलाके में सनसनी

दुर्गापुर :- दुर्गापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत झंडाबाद इलाके में शनिवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक तालाब से एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद किया गया। इस घटना के बाद से इलाके में सनसनी का माहौल है।

सूत्रों और पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वार्ड नंबर 16 के अंतर्गत सुकांत पल्ली मंदिर के पास स्थित तालाब में आज सुबह स्थानीय लोगों ने एक शव को तैरते हुए देखा। देखते ही देखते वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना दुर्गापुर थाना पुलिस को दी। खबर मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर तालाब से बाहर निकाला।


पुलिस ने पंचनामा करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए दुर्गापुर अनुमंडल अस्पताल भेज दिया है। हालांकि, काफी प्रयास के बाद भी अभी तक मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस मृतक के नाम और पते की शिनाख्त करने की कोशिश कर रही है। यह व्यक्ति कौन है, वह तालाब तक कैसे पहुंचा और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई—इन तमाम पहलुओं को ध्यान में रखते हुए दुर्गापुर थाना पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Post a Comment

0 Comments