आसनसोल में मतगणना से पहले स्ट्रॉन्ग रूम के बाहर सीलबंद लिफाफे में मोबाइल मिलने पर हंगामा

आसनसोल :- पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की मतगणना से ठीक एक दिन पहले आसनसोल में भारी गहमागहमी और तनाव का माहौल देखने को मिला। आसनसोल इंजीनियरिंग कॉलेज स्थित स्ट्रॉन्ग रूम परिसर में उस समय हड़कंप मच गया जब रानीगंज एक गाड़ी ने अंदर प्रवेश करने की कोशिश की। वहाँ मौजूद विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने सतर्कता दिखाते हुए गाड़ी को बीच में ही रोक लिया और उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान गाड़ी से एक सील बंद लिफाफा बरामद हुआ, जिसे खोलने पर सभी के होश उड़ गए। उस लिफाफे में कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेजों के साथ एक स्विच ऑफ मोबाइल फोन भी रखा हुआ था। स्ट्रॉन्ग रूम जैसे संवेदनशील क्षेत्र में मोबाइल फोन मिलने की खबर फैलते ही मौके पर मौजूद राजनीतिक कार्यकर्ताओं ने कड़ा विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया और चुनाव अधिकारियों से जवाब मांगा।



इस पूरे घटनाक्रम पर सफाई देते हुए संबंधित अधिकारी, जो स्वयं को इंफ्रास्ट्रक्चर प्रभारी बता रहे थे, ने कहा कि उन्हें इस बात की बिल्कुल जानकारी नहीं थी कि लिफाफे के भीतर मोबाइल फोन रखा गया है। हालांकि, वह इस बात का कोई संतोषजनक उत्तर नहीं दे सके कि आखिर मोबाइल फोन सील बंद लिफाफे तक पहुँचा कैसे। इस संदिग्ध गतिविधि के कारण परिसर में काफी देर तक तनाव बना रहा। विभिन्न दलों के प्रतिनिधियों ने प्रशासन की लापरवाही पर नाराजगी जाहिर करते हुए इस पूरे मामले की लिखित शिकायत चुनाव आयोग से करने का निर्णय लिया है।

Post a Comment

0 Comments