सत्ता परिवर्तन के साथ ही रानीगंज में दशकों बाद हनुमान मंदिर कब्जा मुक्त, भाजपा कार्यकर्ताओं ने की पूजा-अर्चना

रानीगंज :- पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा की ऐतिहासिक जीत और राज्य में 15 साल बाद हुए सत्ता परिवर्तन के बाद अब जमीन पर इसके प्रभाव दिखने शुरू हो गए हैं। इसी कड़ी में रानीगंज के एनएसबी रोड स्थित तारबंगला नौका बिल्डिंग के पास स्थित एक प्राचीन श्री हनुमान मंदिर को लेकर बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। भाजपा कार्यकर्ताओं ने दावा किया है कि उन्होंने कई दशकों से अवैध कब्जे में रहे इस मंदिर को न सिर्फ मुक्त कराया है, बल्कि वहां साफ-सफाई के बाद विधिवत पूजा-अर्चना और दीप प्रज्वलन कर भक्ति का संचार भी किया है।


इस अवसर पर उपस्थित भाजपा नेता दिनेश सोनी ने कहा कि आज का दिन रानीगंज के इतिहास में न्याय की जीत का दिन है। उन्होंने बताया कि यह हनुमान मंदिर वर्षों से अतिक्रमण का दंश झेल रहा था। उन्होंने कहा कि 1992 के अयोध्या आंदोलन के समय इस पवित्र हनुमान मंदिर को न केवल निशाना बनाया गया था। पिछले कई दशकों से मंदिर और उसके आसपास के परिसर पर अतिक्रमण कर लिया गया था। 

दिनेश सोनी ने आगे जोर देते हुए कहा कि जैसे ही प्रदेश में परिवर्तन की लहर आई है, भाजपा कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि वे अपनी धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को दोबारा जीवित करेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा कार्यकर्ताओं की एकजुटता के कारण ही आज इस मंदिर को कब्जे से मुक्त कराया जाना संभव हो पाया है। उन्होंने कहा कि मंदिर की सफाई और वहां दोबारा पूजा शुरू होना इस बात का प्रतीक है कि अब क्षेत्र में अराजकता का अंत हो रहा है और कानून व आस्था का सम्मान बहाल किया जा रहा है। जल्द ही हनुमान मंदिर के नवनिर्माण का कार्य आरंभ होगा। इस दौरान दिनेश सोनी के साथ भाजपा नेता महेश जोशी, दीपक पंडित, राजू मिस्त्री, रोहित शर्मा, दिनेश शर्मा और अलखदेव पांडे सहित कई अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments