आसनसोल :- पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की मतगणना से पहले प्रशासनिक अमला सुरक्षा व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटा है। इसी क्रम में शुक्रवार को पश्चिम बर्दवान जिले के जिला मजिस्ट्रेट (डीएम) एस पोन्नबलम और आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के कमिश्नर डॉ. प्रणव कुमार ने आसनसोल इंजीनियरिंग कॉलेज स्थित स्ट्रॉन्ग रूम का विस्तृत निरीक्षण किया। इस केंद्र को आसनसोल उत्तर, आसनसोल दक्षिण, कुल्टी, रानीगंज, जामुड़िया और बाराबनी विधानसभा क्षेत्रों की इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) के भंडारण के लिए मुख्य केंद्र बनाया गया है। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने ईवीएम की सुरक्षा के लिए किए गए इंतजामों, केंद्रीय बलों की तैनाती और तकनीकी सुरक्षा पहलुओं की बारीकी से जांच की। सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेने पहुंचे अधिकारियों ने मशीनों के रख-रखाव और स्ट्रॉन्ग रूम की सीलिंग प्रक्रिया पर संतोष जताया।
इस दौरान आसनसोल नॉर्थ ब्लॉक-1 के टीएमसी अध्यक्ष गुरदास चटर्जी भी वहां मौजूद रहे। पत्रकारों से वार्ता करते हुए उन्होंने कहा कि वर्तमान में स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा के लिए जो कदम उठाए गए हैं, वे संतोषजनक हैं। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि तृणमूल कांग्रेस पूरी सतर्कता बरत रही है और मतदान मशीनों की सुरक्षा पर चौबीसों घंटे पैनी नजर रखी जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सुरक्षा में किसी भी प्रकार की चूक या गड़बड़ी पाई जाती है, तो पार्टी व्यापक आंदोलन करने से पीछे नहीं हटेगी।



0 Comments