दुर्गापुर :- पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव परिणामों के बाद जहां राज्य के कई हिस्सों से हिंसा और झड़पों की खबरें आ रही हैं, वहीं दुर्गापुर से राजनीतिक सौहार्द की एक अनूठी तस्वीर सामने आई है। यहां दुर्गापुर पश्चिम सीट से भाजपा के नवनिर्वाचित विधायक लक्ष्मण घोड़ुई ने तृणमूल कांग्रेस (TMC) के एक ऐसे कार्यालय को वापस लौटा दिया है, जिस पर चुनाव के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने कब्जा कर लिया था। अपना कार्यालय वापस पाकर टीएमसी कार्यकर्ता इतने भावुक हो गए कि उनकी आंखों से आंसू निकल आए।
घटना दुर्गापुर के 32 नंबर वार्ड के पलाशडीहा इलाके की है। चुनाव के दौरान भाजपा की लहर को देखते हुए स्थानीय कार्यकर्ताओं ने टीएमसी के इस कार्यालय पर कब्जा कर वहां भाजपा के झंडे लगा दिए थे। इसकी जानकारी मिलते ही भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष शमीक भट्टाचार्य ने स्पष्ट संदेश दिया कि इस तरह का अन्याय और कब्जा किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रदेश अध्यक्ष के निर्देशों का पालन करते हुए विधायक लक्ष्मण घोड़ुई खुद पलाशडीहा पहुंचे और कार्यालय का ताला खोलकर उसे टीएमसी कार्यकर्ताओं को सौंप दिया।
इतना ही नहीं, भाजपा विधायक ने टीएमसी के झंडे को भी पूरे सम्मान के साथ कार्यकर्ताओं को वापस किया और मिठाई बांटकर सभी को शुभकामनाएं दीं। लक्ष्मण घोड़ुई की इस पहल को देखकर वहां मौजूद तृणमूल कार्यकर्ता अपनी भावनाओं पर काबू नहीं रख सके और रो पड़े। राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता के बीच शिष्टाचार की यह मिसाल पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है। भाजपा प्रत्याशी ने साफ किया कि जीत जनता की सेवा के लिए है, न कि किसी के दफ्तर पर कब्जा करने के लिए।



0 Comments