Durgapur में लापता छात्र का संदिग्ध परिस्थितियों में मिला शव, इलाके में सनसनी

दुर्गापुर :- दुर्गापुर के न्यू टाउनशिप थाना क्षेत्र के जमुआ इलाके में एक 12वीं कक्षा के छात्र का शव रहस्यमय ढंग से बरामद होने के बाद हड़कंप मच गया है। मृतक किशोर की पहचान 17 वर्षीय शेख रशीदुल के रूप में हुई है। रशीदुल का शव एक खेत के किनारे बने मचान से लटका पाया गया, जिसके बाद स्थानीय निवासियों और परिजनों में भारी आक्रोश और संदेह देखा जा रहा है।

परिजनों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, रशीदुल गुरुवार शाम को घर से शौचालय जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन उसके बाद वह वापस नहीं लौटा। काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई पता नहीं चला, जिसके बाद शुक्रवार सुबह स्थानीय लोगों के जरिए परिवार को उसकी मौत की सूचना मिली। घटनास्थल पर रशीदुल के गले में फंदा लगा हुआ था और रस्सी का दूसरा सिरा टिन की छत से बंधा था, लेकिन उसके पैर पूरी तरह जमीन पर टिके हुए थे। शव की इस स्थिति को देखते हुए परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है और निष्पक्ष जांच की मांग की है।


मृतक के बड़े भाई शेख रियाजुल ने बताया कि बुधवार को पानागढ़ की ओर एक लड़की के साथ जाते समय पुलिस ने रशीदुल को हिरासत में लिया था, हालांकि बाद में उसे छोड़ दिया गया। उस रात वह अपने एक दोस्त के घर पर रुका था और गुरुवार को घर लौटने के बाद शाम को फिर से लापता हो गया। घटना की सूचना मिलते ही न्यू टाउनशिप थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पहले दुर्गापुर अनुमंडल अस्पताल भेजा, जहाँ से उसे पोस्टमार्टम के लिए आसनसोल जिला अस्पताल स्थानांतरित कर दिया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत के पीछे के सही कारणों का पता लगाने के लिए हर पहलू की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी।

Post a Comment

0 Comments