भर्ती घोटाले में पूछताछ के लिए ED दफ्तर पहुंचे निवर्तमान मंत्री सुजीत बसु

कोलकाता :- पश्चिम बंगाल के निवर्तमान दमकल मंत्री सुजीत बसु नगर निकाय भर्ती भ्रष्टाचार मामले की जांच के सिलसिले में शुक्रवार को साल्ट लेक स्थित सीजीओ कॉम्प्लेक्स में प्रवर्तन निदेशालय (ED) के समक्ष पेश हुए। कलकत्ता उच्च न्यायालय के निर्देशानुसार वे समय से चार मिनट पहले ही पहुंच गए। उनके साथ उनके बेटे समुद्र बसु और दो वकील भी मौजूद थे। ईडी का आरोप है कि दक्षिण दमदम नगर पालिका में नियुक्तियां अवैध तरीके से की गई थीं और इस संबंध में मंत्री के आवास के साथ-साथ उनके बेटे के रेस्तरां, होटल और पब पर की गई छापेमारी में कई महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद हुए थे।

इससे पहले विधानसभा चुनाव प्रचार का हवाला देते हुए सुजीत बसु तीन बार नोटिस मिलने के बावजूद पेश नहीं हुए थे। उन्होंने केंद्रीय एजेंसी को पत्र लिखकर बार-बार समन भेजने को 'उत्पीड़न' बताया था और मतदान समाप्त होने के बाद मई के दूसरे सप्ताह में पेश होने का अनुरोध किया था। हालांकि, अदालती आदेश के बाद वे मई की शुरुआत में ही पूछताछ के लिए उपस्थित हो गए। ईडी के अधिकारियों का कहना है कि भर्ती प्रक्रिया में हुई धांधली और वित्तीय लेन-देन की कड़ियों को जोड़ने के लिए मंत्री से पूछताछ बेहद जरूरी है। फिलहाल केंद्रीय एजेंसी के अधिकारी भर्ती घोटाले से जुड़े तथ्यों पर उनसे गहन पूछताछ कर रहे हैं।

Post a Comment

0 Comments