कोलकाता :- पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजों से पहले चुनाव आयोग ने मतगणना प्रक्रिया को निष्पक्ष और सुचारू बनाने के लिए कमर कस ली है। शनिवार को चुनाव आयोग ने घोषणा की कि सोमवार को होने वाली मतगणना के लिए कुल 242 पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की गई है। इनमें 165 अतिरिक्त मतगणना पर्यवेक्षक शामिल हैं, जो उन विधानसभा क्षेत्रों में तैनात रहेंगे जहां एक से अधिक मतगणना कक्ष बनाए गए हैं। ये अतिरिक्त अधिकारी पहले से नियुक्त पर्यवेक्षकों की सहायता करेंगे ताकि परिणाम घोषित करने में कोई त्रुटि न हो।सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के लिए 77 पुलिस पर्यवेक्षक भी तैनात किए गए हैं, जिनका मुख्य कार्य मतगणना केंद्रों के आसपास कानून-व्यवस्था बनाए रखना होगा। हालांकि, आयोग ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि पुलिस पर्यवेक्षक किसी भी स्थिति में मतगणना कक्ष के भीतर प्रवेश नहीं कर पाएंगे। इसके अलावा, नियमों को सख्त करते हुए यह भी दोहराया गया है कि केवल मतगणना पर्यवेक्षक और रिटर्निंग ऑफिसर ही केंद्र के भीतर मोबाइल ले जा सकेंगे। परिणाम फॉर्म 17सी-2 पर दर्ज किए जाएंगे, जिस पर काउंटिंग एजेंटों के हस्ताक्षर अनिवार्य होंगे। प्रत्येक टेबल पर मौजूद माइक्रो ऑब्जर्वर भी स्वतंत्र रूप से परिणामों का रिकॉर्ड रखेंगे।

0 Comments