आसनसोल :- पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के रुझानों में भारतीय जनता पार्टी ने ऐतिहासिक बढ़त बनाते हुए तृणमूल कांग्रेस को बड़े अंतर से पीछे छोड़ दिया है। राज्य की 293 सीटों पर चल रही मतगणना में भाजपा 178 सीटों पर आगे चल रही है, जबकि सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस मात्र 92 सीटों पर सिमटती नजर आ रही है। सबसे चौंकाने वाले परिणाम पश्चिम बर्दवान जिले से आ रहे हैं, जहाँ की सभी 9 विधानसभा सीटों पर BJP प्रत्याशियों ने अपना दबदबा कायम कर लिया है और TMC पिछड़ती दिख रही है। आसनसोल दक्षिण सीट पर भाजपा की अग्निमित्रा पॉल ने आठवें राउंड की गिनती के बाद 19,946 वोटों की भारी बढ़त बना ली है, जिससे कांग्रेस के तापस बनर्जी रेस से बाहर होते नजर आ रहे हैं। वहीं, आसनसोल उत्तर की हाई-प्रोफाइल सीट पर कड़ा मुकाबला जारी है, जहाँ आसनसोल उत्तर विधानसभा क्षेत्र से मलय घटक 5 वें राउंड में 11 हजार वोट से आगे चल रहे हैं।
पांडेश्वर सीट पर भी भाजपा के जितेंद्र तिवारी लगभग 3,000 वोटों से आगे चल रहे हैं, जबकि रानीगंज में भाजपा प्रत्याशी पार्थ घोष ने पांचवें राउंड तक 15,826 वोटों की विशाल बढ़त हासिल कर ली है। जिले की अन्य सीटों पर भी भगवा खेमे का वर्चस्व साफ दिख रहा है। दुर्गापुर पूर्व से चंद्रशेखर बनर्जी 7,127 वोटों से और दुर्गापुर पश्चिम से लखन घुरूई 4,752 वोटों से आगे चल रहे हैं। कुल्टी में डॉ. अजय पोद्दार 3,500 से अधिक मतों से बढ़त बनाए हुए हैं, तो जामुड़िया में डॉ. बिजन मुखर्जी पांचवें राउंड में 6,441 वोटों से आगे हैं। इसके अतिरिक्त बाराबनी सीट पर भाजपा के अरिजीत राय ने छठे राउंड तक लगभग 6,000 वोटों की बढ़त हासिल कर टीएमसी की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। जिले के इन रुझानों ने पश्चिम बंगाल की सत्ता के समीकरणों को पूरी तरह बदल दिया है।




0 Comments